भारतीय तीरंदाज अतानु दास और उनकी पत्नी स्टार तीरंदाज दीपिका कुमारी ने पेरिस तीरंदाजी विश्व कप चरण तीन में रविवार को मिक्स डबल्स स्पर्धा में गोल्ड मेडल जीतकर नया इतिहास बना दिया। वे यह उपलब्धि हासिल करने वाली पहली जोड़ी बन गए हैं। दीपिका ने प्रतियोगिता में व्यक्तिगत, महिला डबल्स और मिक्स डबल्स में गोल्ड मेडल जीतकर हैट्रिक बनाई। कम्पाउंड तीरंदाज अभिषेक वर्मा ने शनिवार को पुरुष व्यक्तिगत स्पर्धा का गोल्ड मेडल जीता था।
आर्चरी विश्व कप में भारतीय महिला रिकर्व टीम का कमाल, गोल्ड मेडल पर लगाया निशाना
दास ने जीत के बाद कहा, ‘हम दोनों एक दूसरे के लिए बने हैं। मुझे लगता है कि इसी कारण हमारी शादी हुई है। हम एक दूसरे को न केवल प्रेरित करते हैं, बल्कि एक दूसरे का उत्साह बढ़ाते हैं और एक साथ जीतते हैं।’ रिकर्व व्यक्तिगत स्पर्धा में दीपिका ने रूस की एलेना ओसीपोवा को 6-0 से पराजित कर गोल्ड मेडल जीता। दीपिका ने पहला सेट 29-27 से जीता, दूसरा सेट उन्होंने 29-28 से जीतकर 4-0 की बढ़त बनाई और तीसरे सेट में दीपिका ने 28-27 से जीत हासिल की।
टोक्यो ओलंपिक में हिस्सा नहीं लेंगी सेरेना विलियम्स, जानिए क्या है वजह
महिला टीम स्पर्धा का गोल्ड मेडल दीपिका की अगुवाई वाली भारतीय टीम ने मेक्सिको की टीम को 5-1 से हराकर जीता। मिक्स डबल्स में गोल्ड मेडल अतानु और दीपिका ने हालैंड की जोड़ी जेफ वान देन बर्ग और गेबी स्च्लोएसेर को हराकर जीता। भारतीय तीरंदाजी संघ के अध्यक्ष अर्जुन मुंडा ने भारतीय तीरंदाजों को इस शानदार प्रदर्शन के लिए बधाई देते हुए कहा कि टोक्यो ओलम्पिक से पहले यह भारतीय तीरंदाजों का अब तक का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन है। उन्होंने उम्मीद जताई कि भारतीय तीरंदाज इस प्रदर्शन को ओलम्पिक में भी दोहराएंगे।




