फीफा वर्ल्ड कप 2022 कतर में खेला जाना है। टूर्नामेंट वेन्यू और मेजबान देश की योजना और संचालन पर अमल करवाने की जिम्मेदारी निभा रही डिलीवरी एंड लिगेसी सवोर्च्च आयोजन समिति की संचार कार्यकारी निदेशक फातमा अल-नुआमी ने कहा है कि कतर में 2022 फीफा वर्ल्ड कप की तैयारी फिलहाल तय समय से पहले की जा रही है। उन्होंने कहा कि वर्ल्ड कप शुरू होने से पहले लगभग सारा बुनियादी ढांचा अच्छी तरह से तैयार है।
अल-नुआमी ने गुरुवार को एक बयान में कहा, ‘हमारे पास 95 प्रतिशत बुनियादी ढांचा तैयार है। आठ नए बने स्टेडियम में से चार स्टेडियम हमारे पास हैं और अन्य चार में से तीन में निर्माण कार्य पूरा हो चुका है। अब केवल उद्घाटन बाकी रह गया है।’
उनके मुताबिक वर्ल्ड कप की मेजबानी करने वाले अन्य देशों द्वारा इस समय की गई प्रगति की तुलना में कतर ने शेड्यूल से पहले तैयारी कर ली है। उन्होंने कहा कि 2022 की शुरुआत तक सभी स्टेडियमों का आधिकारिक उद्घाटन होने की उम्मीद है। गौरतलब है कि फीफा वर्ल्ड कप 2022 कतर में 21 नवंबर से 18 दिसंबर 2022 तक आयोजित किया जाएगा।




