Kashi Tamil Sangamam 5.0: भारत के उपराष्ट्रपति सी.पी. राधाकृष्णन ने शनिवार को वाराणसी के नमो घाट पर ‘काशी तमिल संगमम 5.0’ का उद्घाटन किया। यह कार्यक्रम 28 नवंबर से 12 दिसंबर 2026 तक चलेगा। इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य काशी और तमिलनाडु के बीच पुराने सांस्कृतिक, धार्मिक, शैक्षणिक और भाषाई रिश्तों को और मजबूत करना है। इसके जरिए दोनों क्षेत्रों की परंपराओं और संस्कृति को करीब लाने की कोशिश की जाएगी।
Kashi Tamil Sangamam 5.0: ‘एक भारत, श्रेष्ठ भारत’ का संदेश, काशी-तमिलनाडु के रिश्तों को मिलेगी नई मजबूती
भारत की सांस्कृतिक नगरी वाराणसी में एक बार फिर उत्तर और दक्षिण भारत की संस्कृति का संगम देखने को मिल रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ‘एक भारत, श्रेष्ठ भारत’ की सोच से शुरू हुए ‘काशी तमिल संगमम’ का पांचवां संस्करण शनिवार को नमो घाट पर शुरू हुआ।
कार्यक्रम के उद्घाटन समारोह में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, केंद्रीय शिक्षा मंत्री प्रह्लाद जोशी सहित कई वरिष्ठ मंत्री, विद्वान, आध्यात्मिक गुरु और अन्य गणमान्य लोग शामिल हुए। इस आयोजन का उद्देश्य काशी और तमिलनाडु के बीच सदियों पुराने सांस्कृतिक और आध्यात्मिक रिश्तों को मजबूत करना है। (Kashi Tamil Sangamam 5.0)
बाबा काल भैरव और काशी विश्वनाथ के दरबार में पहुंचे उपराष्ट्रपति
वाराणसी के लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर पहुंचने पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उपराष्ट्रपति सी.पी. राधाकृष्णन का स्वागत किया। कार्यक्रम में शामिल होने से पहले उपराष्ट्रपति और मुख्यमंत्री ने बाबा काल भैरव और श्री काशी विश्वनाथ मंदिर में दर्शन-पूजन किया। दोनों ने देश की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की।
उपराष्ट्रपति बोले- अपनी भाषा से प्रेम करें, लेकिन दूसरी भाषाओं का भी करें सम्मान
उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए उपराष्ट्रपति श्री सी.पी. राधाकृष्णन ने कहा कि काशी और तमिलनाडु के बीच हजारों वर्षों पुराना अटूट सभ्यतागत और आध्यात्मिक संबंध है। उन्होंने साफ किया कि काशी तमिल संगमम केवल एक सांस्कृतिक उत्सव नहीं है, बल्कि यह राष्ट्रीय एकता को मजबूत करने का एक व्यापक अभियान है।
उन्होंने कहा कि प्रत्येक नागरिक को अपनी मातृभाषा पर गर्व होना चाहिए, लेकिन साथ ही अन्य भारतीय भाषाओं का भी उतना ही सम्मान करना चाहिए। अपनी भाषा से प्रेम करने का मतलब किसी दूसरी भाषा का विरोध करना नहीं है। भारत की असली ताकत उसकी अलग-अलग भाषाओं, संस्कृतियों और साझा मूल्यों में है। यही विविधता देश को एकजुट और मजबूत बनाती है। (Kashi Tamil Sangamam 5.0)
साल 2047 तक भारत को एक विकसित राष्ट्र बनाने के लक्ष्य पर बात करते हुए उन्होंने कहा कि विकास केवल आर्थिक प्रगति तक सीमित नहीं होना चाहिए, बल्कि इसमें हमारी सांस्कृतिक और नैतिक विरासत का संरक्षण भी शामिल होना चाहिए। अपने भाषण के समापन पर उन्होंने राष्ट्रीय नदी-जोड़ो परियोजना के प्रति विश्वास जताते हुए कहा कि एक दिन ऐसा अवश्य आएगा, जब पवित्र गंगा का जल दक्षिण की कावेरी नदी तक पहुंचेगा, जो देश की भौगोलिक और भावनात्मक एकता का प्रतीक बनेगा।
इस वर्ष की थीम: ‘तिरुक्कुरल पयिलोम – तिरुक्कुरल अभ्यास करें’
काशी तमिल संगमम 5.0 की मुख्य थीम “तिरुक्कुरल पयिलोम – तिरुक्कुरल अभ्यास करें” रखी गई है। महान तमिल कवि और संत तिरुवल्लुवर ने ‘तिरुक्कुरल’ नामक प्रसिद्ध ग्रंथ की रचना की थी। इसमें कुल 1,330 दोहे हैं, जो नैतिकता, अच्छे आचरण, शासन, प्रेम और जीवन जीने के सही तरीके की सीख देते हैं। यह ग्रंथ आज भी लोगों को जीवन के महत्वपूर्ण मूल्यों की प्रेरणा देता है।
उद्घाटन समारोह में उपराष्ट्रपति राधाकृष्णन ने ‘तिरुक्कुरल’ के 50 भाषाओं में अनुवाद किए गए विशेष संस्करण जारी किए। इनमें भारतीय भाषाओं के अलावा 10 विदेशी भाषाएं भी शामिल हैं। इसका मकसद संत तिरुवल्लुवर की सीख और उनके विचारों को दुनिया भर के लोगों तक पहुंचाना है। केंद्रीय शिक्षा मंत्री प्रह्लाद जोशी ने बताया कि युवाओं को ‘तिरुक्कुरल’ से जोड़ने के लिए देश के 1,380 कॉलेजों और विश्वविद्यालयों में प्रतियोगिता शुरू की गई है। इस प्रतियोगिता में हर संस्थान से चुने जाने वाले एक बेहतरीन विद्यार्थी को एक महीने की इंटर्नशिप और 10,000 रुपये की छात्रवृत्ति दी जाएगी। (Kashi Tamil Sangamam 5.0)
तमिलनाडु से वाराणसी पहुंचेगे 1,400 प्रतिनिधि, सात समूहों में होगा सांस्कृतिक आदान-प्रदान
यह 15 दिवसीय आयोजन भारत सरकार के शिक्षा मंत्रालय के उच्च शिक्षा विभाग द्वारा आईआईटी मद्रास (IIT Madras), बनारस हिंदू विश्वविद्यालय (BHU), सेंट्रल इंस्टीट्यूट ऑफ क्लासिकल तमिल (CICT) और उत्तर प्रदेश सरकार के संयुक्त सहयोग से आयोजित किया जा रहा है। तमिलनाडु के विभिन्न हिस्सों जैसे चेन्नई, कोयंबटूर, कन्याकुमारी आदि से लगभग 1,400 प्रतिनिधि सात अलग-अलग समूहों में वाराणसी पहुंच रहे हैं। इनमें छात्र, शिक्षक, लेखक, पत्रकार, किसान, कारीगर, महिलाएं, उद्योग जगत के प्रतिनिधि और आध्यात्मिक गुरु शामिल हैं।
इस कार्यक्रम में शामिल सभी प्रतिनिधि वाराणसी के अलावा प्रयागराज और अयोध्या भी जाएंगे। इस दौरान वे उत्तर भारत की धार्मिक और ऐतिहासिक जगहों को करीब से देखेंगे।काशी तमिल संगमम के तहत तमिलनाडु से आए 50 शिक्षकों का एक विशेष दल वाराणसी, प्रयागराज और अयोध्या के स्कूलों और कॉलेजों का दौरा करेगा। ये शिक्षक विद्यार्थियों को तमिल भाषा, साहित्य और ‘तिरुक्कुरल’ के बारे में जानकारी देंगे।इस कार्यक्रम का समापन 12 दिसंबर 2026 को होगा। समापन समारोह में केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। (Kashi Tamil Sangamam 5.0)
काशी तमिल संगमम 5.0 भारत की ‘विविधता में एकता’ की परंपरा को दर्शाता है। यह आयोजन सदियों पुराने उत्तर और दक्षिण भारत के रिश्तों को और मजबूत बना रहा है। काशी की गंगा और तमिलनाडु के समृद्ध साहित्य व संस्कृति का यह संगम दोनों क्षेत्रों के लोगों को एक-दूसरे के करीब ला रहा है। साथ ही, यह नई पीढ़ी को अपनी संस्कृति, परंपराओं और साझा विरासत को समझने और उन पर गर्व करने की प्रेरणा दे रहा है।