T Raja Singh: तेलंगाना के गोशामहल से विधायक टी. राजा सिंह एक बार फिर अपने बयान को लेकर चर्चा में हैं। सोशल मीडिया पर उनका एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है। इस वीडियो में वे देश के हर हिंदू परिवार से अपने घर में लाइसेंसी बंदूक रखने की अपील करते नजर आ रहे हैं। उन्होंने अपनी इस मांग को जनसंख्या नियंत्रण कानून और परिवार की सुरक्षा से जोड़ा है।
T Raja Singh: क्या है पूरा मामला और वीडियो में क्या कहा?
सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में टी. राजा सिंह हाथ में एक लंबी राइफल लेकर कुछ लोगों के बीच बैठे दिखाई दे रहे हैं। बताया जा रहा है कि यह वीडियो हैदराबाद के नेकलेस रोड स्थित पीपल्स प्लाजा में आयोजित एक कार्यक्रम का है। कार्यक्रम के दौरान राजा सिंह ने केंद्र सरकार और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से जल्द से जल्द संसद में ‘हम दो, हमारे दो’ यानी दो बच्चों की नीति से जुड़ा कानून बनाने की मांग की। उन्होंने कहा कि अगर यह कानून लागू नहीं होता है, तो हर हिंदू परिवार को अपने घर में लाइसेंसी हथियार रखना चाहिए।
विधायक ने एक अखबार की रिपोर्ट का हवाला देते हुए दावा किया कि आने वाले 15 से 20 सालों में देश में मुस्लिम आबादी तीन गुना तक बढ़ सकती है। उन्होंने चिंता जताई कि इससे भविष्य में हिंदुओं की सुरक्षा, उनकी संपत्ति और महिलाओं की सुरक्षा पर खतरा हो सकता है। अपनी बात रखते हुए उन्होंने उत्तर प्रदेश का उदाहरण भी दिया। राजा सिंह ने कहा कि उन्हें उत्तर प्रदेश का गन कल्चर पसंद है। उनके दावे के मुताबिक, वहां हर घर में लाइसेंसी बंदूक होती है। उन्होंने सुझाव दिया कि इसी तरह देश के दूसरे हिस्सों में भी हिंदू परिवारों को आत्मरक्षा के लिए लाइसेंसी हथियार रखने चाहिए। अपने भाषण में उन्होंने कहा कि देश के हिंदुओं के समर्थन से नरेंद्र मोदी प्रधानमंत्री बने हैं और उनके नेतृत्व में यह कानून भी बनाया जा सकता है।
बयान पर समर्थन और विरोध, सोशल मीडिया पर छिड़ी बहस
टी. राजा सिंह का यह बयान ऐसे समय में आया है, जब देश में जनसंख्या नियंत्रण और आंतरिक सुरक्षा जैसे मुद्दों पर चर्चा हो रही है। उनके बयान के बाद लोगों की अलग-अलग प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं। कुछ लोग उनका समर्थन कर रहे हैं, जबकि कई लोग उनके बयान का विरोध कर रहे हैं। राजा सिंह के समर्थकों और कुछ हिंदुत्ववादी संगठनों से जुड़े सोशल मीडिया अकाउंट्स का कहना है कि उन्होंने परिवार की सुरक्षा के लिए लाइसेंसी हथियार रखने की बात कही है। उनके अनुसार, लोग कानून के दायरे में रहकर अपनी और अपने परिवार की रक्षा कर सकते हैं।
वहीं, कई राजनीतिक जानकारों और सोशल मीडिया यूजर्स ने उनके बयान की आलोचना की है। आलोचकों का कहना है कि किसी जनप्रतिनिधि की ओर से हथियार रखने की अपील करने से समाज में डर और तनाव बढ़ सकता है। हैदराबाद में भी वीडियो वायरल होने के बाद कुछ लोगों ने प्रशासन और राज्य सरकार से इस मामले पर ध्यान देने की मांग की है।
भारत में बंदूक रखने के लिए क्या हैं कानूनी नियम?
जब भी कोई नेता सार्वजनिक मंच से लोगों को लाइसेंसी हथियार रखने की सलाह देता है, तो देश के हथियार कानूनों पर चर्चा शुरू हो जाती है। भारत में बंदूक रखने के नियम शस्त्र अधिनियम, 1959 और शस्त्र नियम, 2016 के तहत तय किए गए हैं। देश में कोई भी व्यक्ति अपनी मर्जी से बंदूक नहीं रख सकता। इसके लिए सरकारी लाइसेंस लेना जरूरी है। लाइसेंस के लिए आवेदन करने वाले व्यक्ति की पुलिस जांच होती है। उसके आपराधिक रिकॉर्ड और मानसिक स्वास्थ्य की भी जांच की जाती है। इसके अलावा, आवेदक को हथियार रखने की जरूरत बतानी होती है। नियमों के अनुसार, एक व्यक्ति अधिकतम दो लाइसेंसी हथियार रख सकता है। लाइसेंस मिलने के बाद भी सार्वजनिक जगहों पर हथियार दिखाना या उससे लोगों को डराना कानून के खिलाफ है। ऐसा करने पर लाइसेंस रद्द किया जा सकता है।
पहले भी अपने बयानों को लेकर चर्चा में रहे हैं टी. राजा सिंह
टी. राजा सिंह अपने बयानों और हिंदुत्व से जुड़े मुद्दों को लेकर अक्सर चर्चा में रहते हैं। इस बार हर हिंदू परिवार में लाइसेंसी बंदूक रखने और ‘हम दो, हमारे दो’ कानून लागू करने की उनकी मांग ने एक बार फिर देश में बहस शुरू कर दी है। इस बयान के बाद जनसंख्या नियंत्रण, आम लोगों की सुरक्षा और हथियार रखने के नियमों पर चर्चा तेज हो गई है। अब देखना होगा कि इस वायरल वीडियो और बयान पर तेलंगाना पुलिस या केंद्र सरकार की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया आती है या नहीं।





