दिलजीत दोसांझ ने इंदौर कॉन्सर्ट कैंसिल होने की अफवाहों पर तोड़ी चुप्पी, बोले- 15 नवंबर को जरूर आएंगे

Diljit Dosanjh Indore Concert

👇खबर सुनने के लिए प्ले बटन दबाएं

Diljit Dosanjh Indore Concert: पंजाबी सिंगर दिलजीत दोसांझ इन दिनों अपने ‘ऑरा टूर’ को लेकर चर्चा में हैं। इसी बीच उनके इंदौर कॉन्सर्ट को लेकर सोशल मीडिया और न्यूज चैनलों पर कई तरह की खबरें सामने आने लगीं। कुछ रिपोर्ट्स में दावा किया गया कि सुरक्षा कारणों से उनका 15 नवंबर को होने वाला इंदौर शो रद्द हो सकता है। अब दिलजीत ने खुद इंस्टाग्राम पर लाइव आकर इन अटकलों पर विराम लगाया है। अपने चिर-परिचित मजाकिया अंदाज में दिलजीत ने कॉन्सर्ट कैंसिल होने की खबरों पर प्रतिक्रिया दी। उन्होंने न्यूज चैनलों पर तंज कसते हुए कहा कि खबरों को बढ़ा-चढ़ाकर पेश किया जा रहा है और उसमें अपनी तरफ से मसाला भी जोड़ा जा रहा है।

सिंगर ने अपने फैंस को साफ कर दिया कि उनका इंदौर कॉन्सर्ट तय कार्यक्रम के अनुसार ही होगा। उन्होंने कहा, “15 तारीख को इंदौर आ रहे हैं, 101 प्रतिशत आ रहे हैं! सबसे पहले आकर पोहा खाएंगे, फिर एनर्जी लेकर फिर चक दे फट्टे।” इसके साथ ही उन्होंने फैंस से कहा, “कोई जो मर्जी बोले, मैं 15 तारीख को जरूर मिलूंगा। आप बस मेरी बात पर विश्वास रखो।”

Diljit Dosanjh Indore Concert: इंदौर कॉन्सर्ट में गानों को लेकर प्रशासन ने दिए निर्देश

दिलजीत दोसांझ का इंदौर कॉन्सर्ट सिर्फ कैंसिलेशन की अफवाहों के कारण ही नहीं, बल्कि गानों को लेकर जारी प्रशासनिक निर्देशों की वजह से भी चर्चा में है। खबरों के मुताबिक, आयोजकों और वेन्यू अथॉरिटी को यह सुनिश्चित करने के लिए कहा गया है कि शो के दौरान ऐसे गाने न गाए जाएं, जिनमें ड्रग्स, नशीले पदार्थों या हथियारों का महिमामंडन किया गया हो। इस मामले पर महिला एवं बाल विकास विभाग के डिस्ट्रिक्ट ऑफिसर रजनीश सिन्हा ने बताया कि 15 नवंबर को वेंटी वन बिजनेस पार्क में दिलजीत दोसांझ का कॉन्सर्ट आयोजित होना है। विभाग को चंडीगढ़ से इस संबंध में एक पत्र मिला था। रजनीश सिन्हा के मुताबिक, पंजाब एवं हरियाणा हाई कोर्ट के निर्देशों का पालन करते हुए आयोजकों को पत्र लिखा गया है। इसमें उनसे यह सुनिश्चित करने को कहा गया है कि कॉन्सर्ट में ऐसे गाने न गाए जाएं, जिनका बच्चों पर नकारात्मक प्रभाव पड़ सकता है।

दिल्ली में धमाकेदार परफॉर्मेंस के साथ शुरू हुआ ऑरा टूर

दिलजीत दोसांझ ने 30 अक्टूबर को दिल्ली के जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में शानदार कॉन्सर्ट के साथ अपने ऑरा टूर की शुरुआत की। इस दौरान स्टेडियम में बड़ी संख्या में फैंस पहुंचे और सिंगर ने अपनी लोकप्रिय डिस्कोग्राफी के कई हिट गानों से समां बांध दिया। कॉन्सर्ट में ‘GOAT’, ‘इक कुड़ी’, ‘ललकारा’, ‘इश्क दी बाजियां’, ‘नैना’ और ‘किन्नी किन्नी’ जैसे गानों पर दर्शक झूमते नजर आए। इसके अलावा ‘केस’, ‘पंजतारा’, ‘हस हस’ और ‘वॉटर’ जैसे ट्रैक्स ने भी खूब मनोरंजन किया। शाम का खास आकर्षण उनका गाना ‘सांसों की माला’ रहा, जिसे सुनकर फैंस ने जबरदस्त उत्साह दिखाया। अब फैंस को 15 नवंबर को होने वाले इंदौर कॉन्सर्ट का इंतजार है, जहां दिलजीत एक बार फिर अपने म्यूजिक और शानदार स्टेज परफॉर्मेंस से दर्शकों का मनोरंजन करेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *