Agra Lucknow Expressway Accident: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में सोमवार सुबह एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। पारा थाना क्षेत्र में आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे के मोहान जीरो प्वाइंट के पास राजस्थान से बिहार जा रही यात्रियों से भरी एक बस अचानक बेकाबू होकर करीब 40 फीट गहरी खाई में पलट गई। इस हादसे में दो यात्रियों की मौत हो गई, जबकि 42 लोग घायल हो गए।
कैसे हुआ हादसा?
जानकारी के मुताबिक, यह हादसा सोमवार सुबह करीब 7:08 बजे हुआ। बिहार नंबर (BR-28 P-4332) की यह लग्जरी बस राजस्थान के भिवाड़ी से बिहार के छपरा (सारण) और सिवान जा रही थी। बस में 53 से 60 यात्री सवार थे। इनमें ज्यादातर लोग छठ महापर्व मनाने के लिए अपने घर लौट रहे थे। बस में महिलाएं और छोटे बच्चे भी मौजूद थे। बताया जा रहा है कि मोहान रोड के जीरो प्वाइंट के पास पहुंचते ही तेज रफ्तार बस अचानक अनियंत्रित हो गई। इसके बाद बस एक्सप्रेसवे से नीचे करीब 40 फीट गहरी खाई में पलट गई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। कई यात्री बस के अंदर फंस गए और मदद के लिए चीखने-चिल्लाने लगे।
पुलिस और बचाव टीम ने चलाया रेस्क्यू ऑपरेशन
हादसे की जानकारी मिलते ही पारा थाना पुलिस, एसडीआरएफ (SDRF) और फायर ब्रिगेड की टीमें मौके पर पहुंच गईं। मुख्य अग्निशमन अधिकारी अंकुश मित्तल के निर्देश पर आलमबाग, सरोजनीनगर और हजरतगंज फायर स्टेशन से बचाव वाहन भेजे गए। इसके अलावा मल्टी डिजास्टर रेस्क्यू व्हीकल (MDRV) की भी मदद ली गई।बस पलटने से करीब 15 से 16 यात्री अंदर फंस गए थे। बचाव दल ने जेसीबी और कटर मशीनों की मदद से बस को काटकर यात्रियों को बाहर निकाला। इनमें एक छोटा बच्चा भी शामिल था। सभी फंसे हुए यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।
42 घायल अस्पताल में भर्ती, दो की मौत
डीसीपी वेस्ट जितेंद्र कुमार श्रीवास्तव के मुताबिक, हादसे की सूचना मिलते ही एंबुलेंस मौके पर बुलाई गई और घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया। अब तक 42 घायलों को केजीएमयू ट्रॉमा सेंटर और दूसरे अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। इस दुर्घटना में एक यात्री की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरे घायल ने अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। वहीं, जो यात्री सुरक्षित बच गए हैं, उन्हें पुलिस थाने ले जाया गया है। प्रशासन की ओर से उन्हें उनके घर तक पहुंचाने और दूसरी जरूरी मदद देने की व्यवस्था की जा रही है।
बस हादसे की वजह पर उठे सवाल, चालक पर नशे में गाड़ी चलाने का आरोप
पुलिस की शुरुआती जांच में बस का टायर फटना या तेज रफ्तार हादसे की वजह मानी जा रही है। हालांकि, बस में सवार कुछ यात्रियों ने चालक और कंडक्टर पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाया है। यात्रियों का दावा है कि राजस्थान से निकलने के बाद रास्ते में कई जगह बस रोककर चालक और कंडक्टर ने शराब पी थी। उनका आरोप है कि नशे की हालत में चालक तेज रफ्तार से बस चला रहा था। इसी वजह से वह बस पर से नियंत्रण खो बैठा और बस खाई में पलट गई। फिलहाल पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है। जांच पूरी होने के बाद ही दुर्घटना की असली वजह सामने आ सकेगी।






One Response