Delhi Khoa Market Raid: दिल्ली में दिवाली और दूसरे त्योहारों से पहले खाने-पीने की चीजों में मिलावट रोकने के लिए खाद्य सुरक्षा विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। मंगलवार को दिल्ली सरकार के फूड सेफ्टी डिपार्टमेंट की टीम ने मोरी गेट खोया मार्केट में छापा मारकर करीब 7,000 किलो खराब और बदबूदार खोया जब्त किया और उसे नष्ट कर दिया। इस कार्रवाई के दौरान मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता भी मोरी गेट मार्केट पहुंचीं। उन्होंने अधिकारियों से पूरे अभियान की जानकारी ली और जांच का जायजा लिया। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि किसी भी तरह का मिलावटी या खराब खाद्य पदार्थ बाजार के जरिए लोगों तक नहीं पहुंचना चाहिए।
सीएम रेखा गुप्ता ने कहा कि सरकार लोगों की सेहत के साथ कोई समझौता नहीं करेगी। त्योहारों के दौरान लोगों को साफ, सुरक्षित और अच्छी गुणवत्ता वाला खाना मिले, यह सुनिश्चित करना सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने साफ कहा कि खाने में मिलावट करने वाला कोई भी व्यक्ति कानून से बच नहीं पाएगा। ऐसे लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
Delhi Khoa Market Raid: मोरी गेट खोया मार्केट में जांच, 44 में से 35 सैंपल शुरुआती टेस्ट में फेल
खाद्य सुरक्षा विभाग ने यह अभियान खराब और मिलावटी खाद्य पदार्थों को बाजार से लोगों तक पहुंचने से रोकने के लिए चलाया था। मोरी गेट खोया मार्केट में विभाग की यह चौथी बड़ी कार्रवाई थी। इस दौरान टीम ने बाजार से कुल 44 सैंपल इकट्ठा किए। इन सैंपल की जांच मौके पर ही ‘फूड सेफ्टी ऑन व्हील्स’ नाम की मोबाइल टेस्टिंग लैब में की गई। शुरुआती जांच में 44 में से 35 सैंपल फेल पाए गए। इसके अलावा दो और सैंपल लिए गए, जिन्हें आगे की जांच के लिए लैब भेजा गया है। मौके पर हुई जांच में मिल्क पाउडर, वनस्पति और कुछ संदिग्ध पदार्थों के इस्तेमाल से जुड़ी जानकारी भी सामने आई। इनकी सही स्थिति का पता लगाने के लिए संबंधित सैंपल को विस्तृत जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा गया है। (Delhi Khoa Market Raid)
मिलावट करने वालों पर होगी सख्त कार्रवाई, CM रेखा गुप्ता ने दिए निर्देश
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने इस अभियान के लिए खाद्य सुरक्षा विभाग की पूरी टीम की सराहना की। उन्होंने कहा कि अधिकारियों की सतर्कता और समय पर की गई कार्रवाई से खाने में मिलावट करने वालों पर लगाम लगाने में मदद मिलती है। उन्होंने अधिकारियों को इसी तरह तेजी और जिम्मेदारी के साथ काम करते रहने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने कहा कि दिल्ली में ऐसे लोगों के लिए कोई जगह नहीं है, जो खाने में मिलावट करके त्योहारों की खुशियां खराब करते हैं। उन्होंने यह भी कहा कि लोगों की सेहत सरकार की सबसे बड़ी प्राथमिकता है। इसलिए मिलावट करने वालों के खिलाफ कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। सरकार का उद्देश्य सिर्फ मिलावटी सामान पकड़ना नहीं, बल्कि ऐसी गतिविधियों को रोकना भी है, ताकि लोगों को सुरक्षित खाद्य पदार्थ मिल सकें।
दिल्ली में अब तक 10,660 किलो खोया नष्ट
त्योहारों के मौसम को देखते हुए दिल्ली सरकार का खाद्य सुरक्षा विभाग लगातार मिलावट के खिलाफ अभियान चला रहा है। मुख्यमंत्री के निर्देशों के बाद विभाग ने अलग-अलग तारीखों पर बड़ी मात्रा में खराब खोया जब्त कर नष्ट किया है। विभाग के अनुसार, 4 सितंबर को 2,830 किलो, 8 सितंबर को 610 किलो और 23 अक्टूबर को 520 किलो खोया नष्ट किया गया था। इसके बाद 3 नवंबर को मोरी गेट खोया मार्केट में करीब 7,000 किलो खराब और बदबूदार खोया जब्त कर नष्ट किया गया। इस ताजा कार्रवाई के बाद दिल्ली में अब तक नष्ट किए गए खोये की कुल मात्रा 10,660 किलो हो गई है। त्योहारों के दौरान मिलावट रोकने के लिए खाद्य सुरक्षा विभाग की जांच और कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी। (Delhi Khoa Market Raid)






One Response