चार साल बाद अपने परिवार से मिला लापता हुआ बच्चा

👇खबर सुनने के लिए प्ले बटन दबाएं

अलीगढ़। उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ से लापता हुआ बच्चा चार साल बाद अपने परिवार से मिला। पुलिस ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी। पुलिस को अगस्त, 2019 में लापता हुआ यह बच्चा मंगलवार को मिला। जब बच्चा लापता हुआ था, उस समय उसकी उम्र छह साल थी। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कलानिधि नैथानी ने बताया कि बच्चे के लापता होने के दिन ही कुवरसी थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी। उन्होंने बताया कि बच्चा बोलने में अक्षम है, इसलिए उसका पता लगाने में काफी मुश्किलें आईं।

 

उन्होंने कहा कि बच्चे के माता-पिता ने उसे खोजने का प्रयास जारी रखा और पिछले कुछ सप्ताह में अलीगढ़ पुलिस ने बच्चे को ढूंढने का फिर से प्रयास शुरू किया और पड़ोस के सभी जिलों में बच्चे की तस्वीर वाला गुमशुदगी का पर्चा बांटा।

उन्होंने बताया कि अंततः कुछ दिन पहले पुलिस को फिरोजाबाद जिले में एक अनाथालय से कुछ जानकारी मिली। नैथानी ने बताया कि इस सप्ताह की शुरुआत में बच्चे के माता-पिता पुलिस दल के साथ फिरोजाबाद गए और बच्चे के जन्मजात निशान की मदद से उसकी पहचान की।

यह परिवार मंगलवार को अपने बच्चे से मिल सका। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने पुलिस दल को 25,000 रुपये का पुरस्कार दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *