दिल्ली में कमजोर पड़ी कोरोना की दूसरी लहर, आज 3231 नए मरीज मिले, 5.50 फीसदी पर आई संक्रमण दर

👇खबर सुनने के लिए प्ले बटन दबाएं

दिल्ली में कोरोना संक्रमण की दूसरी लहर अब शांत पड़ती जा रही है। बीते करीब एक सप्ताह से संक्रमण के मामलों में भारी कमी देखी जा रही है। दिल्ली में गुरुवार को जहां संक्रमितों की संख्या घटकर 3 हजार के करीब आ गई, वहीं आज भी 200 से अधिक मरीजों की मौत हो गई। अब संक्रमण दर घटकर 5.50 प्रतिशत पर आ गई है, जो बुधवार को 5.78 थी। दिलचस्प बात यह है कि यहां अब कंटेनमेंट जोन की संख्या एक्टिव केसों से अधिक है। 

स्वास्थ्य विभाग की ओर से गुरुवार को जारी हेल्थ बुलेटिन के अनुसार, बीते 24 घंटे में जहां कोरोना के 3231 नए मरीज मिले हैं, वहीं 233 मरीजों को अपनी जान गंवानी पड़ी है। यह आंकड़ा बीते 5 अप्रैल के बाद अब तक का सबसे कम है। 5 अप्रैल को 3548 मरीजों की पुष्टि हुई थी और 15 मरीजों की मौत हुई थी।

बुलेटिन के अनुसार, आज 7,831 मरीज पूरी तरह ठीक होकर कोरोना मुक्त हो गए, जबकि बुधवार को यह संख्या 9,427 थी। स्वास्थ्य विभाग ने कहा कि दिल्ली में अब तक संक्रमितों की कुल संख्या 14,09,950 हो गई है और 23,851 मरीज होम आइसोलेशन में हैं। राजधानी में अब कोरोना वायरस संक्रमण के एक्टिव केस घटकर 40,214 पर आ गए हैं। इसके साथ ही, अब तक कुल 13,47,157 मरीज इस महामारी को मात देकर ठीक भी हो चुके हैं। वहीं अब तक मरने वालों की संख्या 22,579 हो गई है।

दिल्ली स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, बीते 24 घंटे में दिल्ली में कुल 58,744 टेस्ट किए गए हैं। इनमें से 43,914 आरटीपीआर/ सीबीएनएएटी / ट्रूनैट टेस्ट और 14,830 रैपिड एंटीजन टेस्ट शामिल थे। दिल्ली में अब तक कुल 18,532,803 जांचें हुई हैं और प्रति 10 लाख लोगों पर 9,75,410 टेस्ट किए गए हैं। इसके साथ ही अब दिल्ली में कंटेनमेंट जोन की संख्या 56,833 पर पहुंच गई है। 

बीते 10 के संक्रमितों के आंकड़े

19 मई 2021 : 3,846 नए पॉजिटिव केस
18 मई 2021 : 4,482 नए पॉजिटिव केस
17 मई 2021 : 4,524 नए पॉजिटिव केस
16 मई 2021 : 6,456 नए पॉजिटिव केस
15 मई 2021 : 6,430 नए पॉजिटिव केस
14 मई 2021 : 8,506 नए पॉजिटिव केस
13 मई 2021 : 10,489 नए पॉजिटिव केस
12 मई 2021 : 13,287 नए पॉजिटिव केस
11 मई 2021 : 12,481 नए पॉजिटिव केस
10 मई 2021 : 12,651 नए पॉजिटिव केस 

वहीं, कोरोना संकट के बीच दिल्ली में तेजी से बढ़ रहे ब्लैक फंगस (म्यूकरमाइकोसिस) के मामलों ने केजरीवाल सरकार की चिंता बढ़ा दी है। ब्लैक फंगस को लेकर मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने अधिकारियों और विशेषज्ञ के साथ गुरुवार को एक हाई लेवल बैठक बुलाई थी। इस बैठक में इस बीमारी पर काबू पाने के लिए कुछ अहम फैसले लिए गए हैं। बैठक में लिए गए निर्णयों के अनुासर, ब्लैक फंगस के इलाज के लिए दिल्ली के एलएनजेपी, जीटीबी और राजीव गांधी अस्पतालों में समर्पित उपचार केंद्र स्थापित किए जाएंगे। इसके साथ ही इसके इलाज में इस्तेमाल होने वाली दवाओं का पर्याप्त मात्रा में प्रबंध किया जाएगा और बीमारी से बचाव के उपायों को लेकर लोगों में जागरूकता फैलाई जाएगी। 

Source link