हिमाचल प्रदेश में बैलेट बॉक्स से हुआ कोरोना टीकाकरण

👇खबर सुनने के लिए प्ले बटन दबाएं

हिमाचल प्रदेश —

 

मैदानी क्षेत्र की अपेक्षा पहाड़ी इलाको में टीकाकरण की चुनौतियां अधिक होती है। हिमाचल प्रदेश के स्पीति और लाहौल जैसे दुर्गम इलाके जहां मोबाइल नेटवर्क बड़ी समस्या थी, वहां बैलेट बॉक्स के जरिए टीकाकरण किया गया। कोविड वैक्सीन को लेकर शुरुआत में लोगों के मन में झिझक थी, लेकिन बाद में यहां इतनी तेज गति से टीकाकरण हुआ कि एशिया में सबसे अधिक ऊंचाई (समुद्र तल से 15500 फीट) पर स्थित कोमिक गांव में 44 साल अधिक आयु वर्ग के सभी लोगों का दोनों डोज के साथ शत प्रतिशत टीकाकरण हो चुका है।
70 लाख आबादी वाले हिमाचल प्रदेश की 20.7 लाख लोगों को कोविड का पहला टीका दिया जा चुका है जबकि चार लाख लोगों को कोविड वैक्सीन की दूसरी डोज दी जा चुकी है। हिमाचल प्रदेश के दुर्गम इलाकों में वैक्सीनेशन की अलग चुनौतियां थीं, जिसका प्रशासनिक स्तर पर बहुत बेहतर ढंग से प्रबंधन किया गया।

राज्य टीकाकरण अधिकारी डॉ. हितेन बान्याल ने बताया कि वैक्सीन की उपलब्धता को देखते हुए पहले हफ्ते में तीन दिन टीकाकरण किया गया, इसमें हमने शनिवार और इतवार को पंचायत घर पर जागरूकता कैंप लगाया। टीकाकरण के लिए तीन चरण में कार्य योजना बनाई गई। पहले सरकार द्वारा जारी पंजीकरण का लिंक लोगों तक पहुंचाया गया, दूसरा एसएमएस के माध्यम से कोरोना वैक्सीन के लिए व्यक्तिगत जानकारी मांगी गई, तीसरा ऐसे क्षेत्र जहां मोबाइल नेटवर्क की समस्या होती है, वहां बैलेट बॉक्स लगाए गए। केलांग के अंर्तगत आने वाले लाहौल, स्पीति, पेंगांक, चंबा आदि जगहों पर बॉक्स में सभी अपनी व्यक्तिगत जानकारी लिखकर डाल देते थे, फिर प्राधिकृत अधिकारी द्वारा कोविन एप पर पंजीकरण के बाद निर्धारित दिन पर कोरोना का वैक्सीन लगाया गया। वॉकइन पंजीकरण से पहले बैलेट बाक्स के जरिए बड़ी संख्या में कोरोना का टीकाकरण किया गया।

स्पीति में वैक्सीनेशन कार्यक्रम देखने वाले डॉ. रंजीत वैद्य ने बताया कि बैलेट बॉक्स में वैक्सीनेशन के लिए आवेदन आने के बाद लॉटरी के जरिए पर्ची निकाली गई और वैक्सीन के लिए लोगों का चयन किया गया, इस तरीके से रोजाना 14 से 18 लोगों को कोविड वैक्सीन दी गई। वैक्सीन की उपलब्धता के साथ ही टीकाकरण की गति में भी तेजी आती गई, इसके लिए आशा कार्यकत्रियों की सहायता ली गई। डॉ. हितेन ने बताया कि राज्य में जीरो वेस्ट वैक्सीन के साथ टीकाकरण को अंजाम दिया जा रहा है। एयरपोर्ट पर वैक्सीन पहुंचाने के साथ ही 686 टीकाकरण केंद्र पर तुरंत वॉयल को पहुंचाया जाता है। एक बार सुबह 6.30 बजे वैक्सीन की डोज पहुंची और दोपहर से पहले इसे सभी 12 जिलों में पहुंचा दिया गया।

कोमिक गांव में हुआ शत प्रतिशत टीकाकरण

हिमाचल प्रदेश के जनजातीय कोमिक गांव में कोविड वैक्सीन की दोनों डोज के साथ शत प्रतिशत टीकाकरण किया जा चुका है। समुद्र तल से 15500 फीट की ऊंचाई पर स्थित इस गांव के लोगों में शुरुआत में वैक्सीन को लेकर झिझक थी, लेकिन बाद में लोग खुद वैक्सीन के लिए आगे आए और विशेष अभियान के जरिए 44 साल की उम्र से अधिक सभी लोगों को वैक्सीन की दोनों डोज दी जा चुकी है। राज्य में कोरोना संक्रमण की बात करें तो सबसे उच्चतम स्तर के 2667 पॉजिटिव मरीज के साथ 17 मरीजों की कोरोना संक्रमण से मौत हुई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *