समस्तीपुर में बैंक ऑफ इंडिया से 16 लाख की लूट

👇खबर सुनने के लिए प्ले बटन दबाएं

बिहार:——-

(जे पी श्रीवास्तव)

बिहार: बिहार राज्य के समस्तीपुर जिला के मुसरीघरारी थाना के हरपुर एलौथ स्थित बैंक ऑफ इंडिया की शाखा से सशस्त्र अपराधियों ने दिनदहाड़े 16 लाख 76 हजार कैश लूट लिए। घटना शनिवार को 12 बजे दिन में घटी जिस समय सभी कर्मचारी अपने-अपने काम में लगे हुए थे। जिस समय यह घटना घटी उस समय बैंक में कुछ ग्राहक भी मौजूद थे।
बताया जाता है कि ग्राहकों के भुगतान के लिए रखी गई राशि 16 लाख 76 हजार रुपये अपराधियों ने लूट लिया। सभी अपराधी बैंक के अन्दर ग्राहक बनकर घूसे और अंदर आते ही पिस्तौल के नोक पर सभी कर्मियों को बारी-बारी से अपने कब्जे में ले लिया। बताया जाता है कि दो बाइक पर सवार चार अपराधियों ने इस घटना को अंजाम दिया है। यह भी पता चला है कि अपराधियों का मनोबल इतना बढ़ गया है कि शुक्रवार को इसी थाना क्षेत्र के पूर्व मुखिया शशि नाथ झा को गोलियों से भून डाला गया था।अभी इस घटना की जांच पूरी भी नहीं हो पाई थी कि बैंक डकैती को अंजाम दे दिया गया।
इस तरह की घटना से लोग सकते में आ गए हैं। इससे साबित होता है कि अपराधियों के मनोबल काफी बढ़ गये हैं। बताया जाता है कि काफी देर बाद घटना की सूचना पुलिस को दी गई। सूचना पाकर दरभंगा प्रक्षेत्र के पुलिस महानिरीक्षक अजिताभ कुमार, पुलिस अधीक्षक मानवजीत सिंह ढिल्लो पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंच कर आवश्यक जांच-पड़ताल शुरू कर दी। दोनों अधिकारियों ने वहां मौजूद लोगों से पूछताछ की। बैंक में लगे सीसीटीवी फुटेज को निकाल कर छानबीन करना शुरू कर दिया।
बताया जाता है कि बेखौफ अपराधियों ने पिछले 48 घंटे में तीन-तीन बारदातों को अंजाम दिया है। शुक्रवार देर रात पूर्व मुखिया की गोली मारकर हत्या कर दी जाती है, इसके बाद बंधन बैक में लूटपाट को अंजाम दिया जाता है और फिर बैंक ऑफ इंडिया में लूटपाट को अंजाम दिया जाता है। जिससे यह साबित होता है कि बिहार में कानून व्यवस्था नाम की चीज नहीं रह गई है।
पुलिस छानबीन में जुटी हुई है।अब देखना है कि जांच का क्या नतीजा निकलता है। पुलिस अपराधियों तक पहुंच पाती है या फिर जांच खानापूर्ति बनकर रह जाती है।