टोक्यो ओलंपिक की तैयारियों में जुटीं विनेश फोगट ने शुक्रवार को पौलेंड ओपन के 53 किग्रा में गोल्ड मेडल अपने नाम किया। विनेश ने इस टूर्नामेंट में जबरदस्त प्रदर्शन करके दिखाया कि वह टोक्यो में होने वाले खेलों के लिए पूरी तरह से तैयार हैं। 26 साल की विनेश का यह सीजन का तीसरा खिताब है, उन्होंने मार्च में माटियो पेलिकोन और अप्रैल में एशियाई चैम्पियनशिप का गोल्ड मेडल भी अपनी झोली में डाला था।
इस जीत से विनेश संभवत: तोक्यो ओलंपिक में शीर्ष वरीय पहलवान बन जाएंगी शुरुआत में 2019 विश्व चैम्पियनशिप की कांस्य पदक विजेता एकातेरिना पोलेशचुक के खिलाफ मुकाबले को छोड़कर विनेश को अपनी किसी भी प्रतिद्वंद्वी से परेशानी नहीं हुई और उन्होंने पोडियम में शीर्ष स्थान तक पहुंचने के दौरान केवल दो अंक ही गंवाए। फाइनल में यूक्रेन की ख्रिस्टिना बेरेजा के खिलाफ उन्होंने एक भी अंक नहीं गंवाया और 8-0 से जीत दर्ज की। विनेश ने अपने ज्यादातर अंक ‘डबल-लेग अटैक से बनाए जबकि 2019 यूरोपीय रजत पदक विजेता बेरेजा पूरे मुकाबले में रक्षात्मक बनीं रहीं।
Euro Cup 2020: स्पेन को दोनों संक्रमित खिलाड़ियों के यूरो में खेलने की उम्मीद
विश्व कांस्य पदक विजेता और एशियाई खेलों की चैम्पियन विनेश को पोलेशचुक के खिलाफ 6-2 की जीत हासिल करने में संघर्ष करना पड़ा तो वहीं सेमीफाइनल में अमेरिकी प्रतिद्वंद्वी एमी एन्न फेर्नसाइड को उन्होंने महज 75 सेकेंड में पिन (चित) कर दिया। विनेश को शुरुआती दौर में पोलेशचुक की रक्षात्मक खेल से कड़ी चुनौती मिली। उन्होंने रूस की इस पहलवान के खिलाफ बायें पैर पर हमला करने की रणनीति अपनायी लेकिन उनका दांव उलटा पड़ गया और पोलेशचुक ने 2-0 की बढ़त कायम कर ली। विनेश ने दूसरे पीरियड में प्रतिद्वंद्वी के दोनों पैरों पर हमला किया और स्कोर को 2-2 करने में सफल रही। पोलेशचुक ने इसके बार तकनीकी गलती कर दी जिससे विनेश ने दो अंक और हासिल कर लिए। उन्होंने रूसी पहलवान को एक और बार पटखनी देकर 6-2 से मुकाबला अपने नाम कर लिया। अगले दौर में हालांकि उन्हें आसनी से जीत मिल गई। उन्होंने अमेरिकी पहलवान को महज 75 सेकेंड में चित कर दिया। इस समय वह मैच में 6-0 से आगे चल रही थी।




