विंबलडन के सेंटर और नंबर एक कोर्ट पर सिंगल क्वार्टर फाइनल से क्षमता के शत प्रतिशत दर्शकों को आने को मंजूरी दी जा सकती है। यह व्यवस्था टूर्नामेंट के अंत तक कायम रहेगी।विंबलडन के आयोजक आल इंग्लैंड क्लब ने रविवार को कहा कि पिछले साल कोरोना वायरस महामारी की शुरुआत के बाद से यह ब्रिटेन में पहली बार होगा, जब किसी खेल टूर्नामेंट के दौरान आउटडोर स्टेडियम में क्षमता के शत प्रतिशत दर्शकों को आने को मंजूरी दी जाएगी। कोविड-19 महामारी के बढ़ने के कारण 2020 में विंबलडन को रद्द कर दिया गया था। ऐसा 75 साल के इतिहास में पहली बार हुआ जब सबसे पुराने ग्रैंडस्लैम टूर्नामेंट का आयोजन नहीं किया गया।
We are pleased to announce that Centre and No.1 Court will have 100% capacity crowds for the Quarter-Finals, with Centre also at 100% for the Semi-Finals and Finals.
This will make them the first full outdoor stadiums at a UK sporting event since the pandemic began.#Wimbledon
— Wimbledon (@Wimbledon) July 4, 2021
क्लब ने कहा कि चैंपियनशिप के पहले हफ्ते के सफल आयोजन और सरकार से स्वीकृति मिलने के बाद दो मुख्य कोर्ट पर दर्शकों की सीमा में इजाफा किया जाएगा जो अभी 50 प्रतिशत है। सोमवार को चौथे दौर के मुकाबलों के बाद मंगलवार से महिलाओं जबकि बुधवार से पुरुषों के वर्ग के क्वार्टर फाइनल शुरू होंगे। महिलाओं का फाइनल शनिवार जबकि पुरुषों का 11 जुलाई को होगा।
टूर्नामेंट की शुरुआत से पहले क्लब ने कहा था कि वे सिर्फ दो एकल फाइनल के लिए ही शत प्रतिशत दर्शकों को स्टेडियम में प्रवेश देगा। सेंटर कोर्ट की क्षमता 14,979 की है जबकि नंबर एक कोर्ट पर 12,345 दर्शक एक साथ मुकाबला देख सकते हैं। दर्शकों को हालांकि प्रत्येक दिन टूर्नामेंट देखने के लिए पहुंचने पर अपनी कोविड-19 स्थिति की जानकारी देनी होगी। उनका कोविड परीक्षण पिछले 48 घंटे में या तो नेगेटिव होना चाहिए या फिर उनका पूर्ण टीकाकरण हुआ हो।




