नेशनल स्टूडेंट यूनियन ऑफ इंडिया (NSUI) ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी के ट्विटर अकाउंट को कथित रूप से अस्थायी तौर पर निलंबित किए जाने के खिलाफ सोमवार को एनएसयूआई मुख्यालय से शास्त्री भवन तक विरोध प्रदर्शन किया।
इसके साथ ही युवा कांग्रेस ने भी इस मामले को लेकर जोरदार प्रदर्शन किया और सरकार के विरोध में जमकर नारेबाजी की। प्रदर्शन का नेतृत्व करते हुए युवा कांग्रेस के अध्यक्ष श्रीनिवास बीवी ने ट्विटर इंडिया को कहा कि वह मोदी सरकार से डरे नहीं।
सरकार के दबाव में किया राहुल का ट्विटर ब्लॉक: कांग्रेस
कांग्रेस ने राहुल गांधी के ट्विटर हैंडल को ब्लॉक किए जाने को अभिव्यक्ति की आजादी पर हमला बताया और कहा कि ट्विटर इंडिया ने पक्षपात करते हुए यह कदम सरकार के इशारे पर उठाया है। कांग्रेस महासचिव के सी वेणुगोपाल ने सोमवार को यहां जारी एक बयान में कहा कि राहुल गांधी के ट्विटर अकाउंट को अस्थायी रूप से निलंबित मोदी सरकार के फरमान पर किया गया है और ट्विटर इंडिया का यह कदम अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता का उल्लंघन है।
उन्होंने कहा कि इस कार्रवाई से साफ हो गया है कि ट्विटर इंडिया दोहरा मापदंड अपनाता है। उनका कहना था कि जिस फोटो के कारण गांधी का ट्विटर अकाउंट ब्लॉक किया गया है, भारतीय जनता पार्टी के नेताओं तथा कई प्रमुख लोगों ने गांधी की यात्रा से महज दो दिन पहले दो और तीन अगस्त को ट्विटर पर इसी तरह की तस्वीरें पोस्ट की थीं, लेकिन उनके खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की गई।
कांग्रेस नेता ने आरोप लगाया कि मोदी सरकार देश के विभिन्न हिस्सों में दलितों पर हो रहे अत्याचार को कम करने के लिए कदम उठाने की बजाय दलितों के दमन के खिलाफ आगे बढ़कर लड़ाई लड़ रहे राहुल गांधी जैसे नेताओं की आवाज दबाने की कोशिश की जा रही है।
गौरतलब है कि ट्विटर की यह कार्रवाई राहुल गांधी द्वारा एक विवादास्पद पोस्ट और नौ वर्षीय दलित लड़की के परिवार के साथ एक तस्वीर को लेकर की गई है, जिसकी कथित दुष्कर्म के बाद मौत हो गई थी। ट्विटर ने माना है कि अकाउंट ने निजी जानकारी पोस्ट करने के खिलाफ नियमों का उल्लंघन किया है।




