‘ताइवान की मदद की तो परमाणु बम से देंगे जवाब..’ यह घमकी चीन ने जापान को दी है। कई मौकों पर अंतरराष्ट्रीय मंचों पर परमाणु बम का इस्तेमाल ना करने की बात कहने वाले चीन का दोहरा चरित्र अब खुलकर सामने आ गया है। चीन की कम्युनिस्ट पार्टी सीसीपी ने एक वीडियो जारी किया है, इस वीडियो के जरिए जापान पर परमाणु हमले की धमकी दी गई है। कहा गया है कि अगर जापान ने ताइवान की मदद की तो वो परमाणु बम से हमला कर देगा। ‘Fox News’ की एक रिपोर्ट के मुताबिक यह वीडियो एक चैनल पर चलाया गया है और सीसीपी ने इसकी पुष्टि की है। वीडियो में कहा गया है कि ‘हम सबसे पहले परमाणु बम का इस्तेमाल करेंगे। हम लगातार परमाणु बम का इस्तेमाल करते रहेंगे।’ वीडियो में आगे यह भी कहा गया है कि ‘हम यह तब तक करते रहेंगे जब तक कि जापान बिना किसी शर्त के आत्मसमर्पण ना कर दे।’ ताइवान न्यूज की एक रिपोर्ट के मुताबिक इस वीडियो को चीन के प्लेटफॉर्म Xigua पर 2 मिलियन व्यूज मिलने के बाद डिलीट कर दिया गया। लेकिन इस वीडियो की कॉपी यूट्यूब और ट्विटर पर अपलोड कर दी गई है।
चीन की तरफ से परमाणु हमले की यह धमकी तब दी गई है जब अभी दो हफ्ते पहले ही जापान ने ताइवान की संप्रभुता की रक्षा किये जाने की बात कही थी। जापान के उप प्रधानमंत्री Taro Aso ने कहा था कि जापान को निश्चित तौर से ताइवान की रक्षा करनी चाहिए। उन्होंने आगे कहा था कि ‘अगर ताइवान में बड़ी घटना घटती है तो यह मानने में असामान्य बात नहीं होगी कि यह जापान के अस्तित्व के लिए खतरा बन जाएगा।’ उन्होंने कहा था कि ऐसी स्थिति में जापान और अमेरिका को मिलकर ताइवान की रक्षा के लिए काम करना होगा।
मेनलैंड चीन के साउथईस्टर्न कोस्ट पर बसे ताइवान की आबादी 24 मिलियन है। चीन शुरू से ही ताइवान पर अपना अधिकार जमाता है। हाल ही में जापान के उप प्रधानमंत्री तारो आसो के ताइवान पर चीन के हमले की सूरत में जापानी सेना के मदद के बयान से ‘ड्रैगन’ बुरी तरह से भड़क उठा है। चीन के सरकारी अखबार ‘ग्लोबल टाइम्स’ के एडिटर हू शिजिन ने धमकी दी थी कि अगर जापानी सेना ताइवान की मदद के लिए आई तो उसे चीन की सेना मिटा देगी। बता दें कि चीन ताइवान के शांतिपूर्ण विलय की बात तो करता है लेकिन उसने ताकत के इस्तेमाल को कभी खारिज नहीं किया है। यही नहीं चीनी वायुसेना के फाइटर जेट अक्सर ताइवान के क्षेत्र में घुसते रहते हैं।




