हॉकी इंडिया ने अगले महीने से शुरू होने वाले टोक्यो ओंलपिक गेम्स 2020 के लिए 16 सदस्यीय भारतीय पुरुष हॉकी टीम की घोषणा कर दी है, जिसमें दस खिलाड़ी अपना पहला ओलंपिक खेलेंगे। हॉकी इंडिया ने शुक्रवार को टीम की घोषणा की, जिसमें कई अनुभवी और दिग्गज खिलाड़ियों के साथ-साथ 10 ऐसे खिलाड़ी हैं, जो ओलंपिक में डेब्यू करेंगे। बेंगलुरु स्थित भारतीय खेल प्राधिकरण (एसएआई) केंद्र में चल रहे राष्ट्रीय शिविर में टीम को नए दृष्टिकोण पर आधारित गहन प्रशिक्षण और तैयारी करवाई गई है।
टीम में अनुभवी गोलकीपर पीआर श्रीजेश और मिडफील्डर मनप्रीत सिंह को उनके तीसरे कार्यकाल के लिए फिर से चुना गया है। उनके अलावा अन्य ओलंपिक दिग्गज हरमनप्रीत सिंह, रुपिंदर पाल सिंह, सुरेंद्र कुमार और मनदीप सिंह के साथ टीम में काफी अनुभव मौजूद है। घुटने की गंभीर चोट के कारण 2016 ओलंपिक से बाहर रहने के बाद, बीरेंद्र लाकड़ा को टोक्यो ओलंपिक 2020 के लिए टीम का हिस्सा बनने का शानदार मौका मिला। इसके अलावा टीम में अमित रोहिदास, हार्दिक सिंह, विवेक सागर प्रसाद, नीलकांत शर्मा, सुमित और युवा फॉरवर्ड्स शमशेर सिंह, दिलप्रीत सिंह, गुरजंत सिंह और ललित कुमार उपाध्याय शामिल हैं।
गौरतलब है कि भारतीय पुरुष हॉकी टीम का ओलंपिक में एक समृद्ध इतिहास रहा है। टीम ने 11 ओलंपिक मेडल जीते हैं, जिसमें 8 गोल्ड, एक सिल्वर और दो ब्रोन्ज मेडल शामिल हैं, हालांकि भारतीय टीम को आखिरी बार ओलंपिक मेडल जीते 41 वर्ष हो चुके हैं, इसलिए मौजूदा भारतीय पुरुष हॉकी टीम टोक्यो में इतिहास के पन्नों में नया अध्याय लिखने के लिए बहुत दृढ़ है।
वर्तमान टीम ने 2016 और 2018 एशियाई चैंपियंस ट्रॉफी, 2017 एशिया कप और 2019 वर्ल्ड सीरीज जीती है। ओलंपिक की तैयारियों के हिस्से के तौर पर पुरुष टीम ने इस साल यूरोप और अर्जेंटीना का दौरा भी किया था। जर्मनी, ग्रेट ब्रिटेन और मौजूदा ओलंपिक चैंपियन अर्जेंटीना जैसी टीमों के खिलाफ दौरे पर अच्छा प्रदर्शन करने के बाद दुनिया की नंबर चार की टीम टोक्यो ओलंपिक के लिए तैयार है। 23 जुलाई से 5 अगस्त तक टोक्यो में होने वाले ओलंपिक गेम्स 2020 के लिए भारतीय पुरुष टीम को पूल-ए में मौजूदा ओलंपिक चैंपियन अर्जेंटीना, ऑस्ट्रेलिया, न्यूजीलैंड, स्पेन और मेजबान जापान के साथ रखा गया है।
भारतीय पुरुष हॉकी टीम
गोलकीपर्स: पीआर श्रीजेश।
डिफेंडर्स: हरमनप्रीत सिंह, रुपिंदर पाल सिंह, सुरेंद्र कुमार, अमित रोहिदास, बीरेंद्र लाकड़ा।
मिडफील्डर्स: हार्दिक सिंह, मनप्रीत सिंह, विवेक सागर प्रसाद, नीलकांत शर्मा, सुमित।
फॉरवर्ड्स: शमशेर सिंह, दिलप्रीत सिंह, गुरजंत सिंह, ललित कुमार उपाध्याय, मनदीप सिंह।




