ओलंपिक खेल शुरू होने से महज दो दिन पहले तीन अलग-अलग देशों के तीन खिलाड़ी कोविड-19 से संक्रमित होने के कारण बुधवार को टोक्यो खेलों से बाहर हो गए। चिली की ताइक्वांडो खिलाड़ी फर्नांडा एग्वायर, नीदरलैंड की स्केटबोर्ड खिलाड़ी केंडी जेकब्स और चेक गणराज्य के टेबल टेनिस खिलाड़ी पावेल सिरुसेक कोविड-19 पॉजिटिव पाए जाने के कारण ओलंपिक से बाहर हो गए। फर्नांडा टोक्यो हवाई अड्डे पर पहुंचने पर हुए टेस्ट में पॉजिटिव पाई गईं, जबकि केंडी और पावेल के नतीजे का खुलासा खेल गांव में हुआ। इस तरह से खेल गांव में पॉजिटिव पाए गए खिलाड़ियों की संख्या सात हो गई है। चिली की राष्ट्रीय ओलंपिक समिति (एनओसी) ने बयान में कहा, ‘जापान पहुंचने पर किए गए टेस्ट में फर्नांडा एग्वायर कोविड-19 पॉजिटिव पाई गईं।’
केंडी ने अपने इंस्टाग्राम पेज पर संदेश में घोषणा की कि उनका ओलंपिक अभियान अब खत्म हो चुका है। केंडी ने लिखा, ‘मेरा दिल टूट गया है। दुर्भाग्य से आज सुबह मैं कोविड-19 पॉजिटिव पाई गई, जिसका मतलब है कि मेरा ओलंपिक सफर यहीं खत्म हो गया। इन हालात से बचने के लिए जो संभव था वह किया और सभी एहतियात बरती थी।’ फर्नांडा उज्बेकिस्तान से कोविड नेगेटिव नतीजे के साथ टोक्यो आई थीं, लेकिन यहां हवाई अड्डे पर हुए एंटीजन और पीसीआर टेस्ट दोनों में पॉजिटिव पाई गईं, जिसके बाद उन्हें पूर्व निर्धारित क्वारंटाइन सुविधा में रखा गया है।
चिली की एनओसी ने कहा, ‘खिलाड़ी में कोई लक्षण नजर नहीं आ रहा है और वह स्वस्थ्य है लेकिन दुर्भाग्य से वह प्रतियोगिता में हिस्सा नहीं ले पाएगीं, क्योंकि जापान के स्वास्थ्य अधिकारियों ने कम से कम 10 दिन का क्वारंटाइन लागू किया है।’ ताइक्वांडो प्रतियोगिता की शुरुआत शनिवार से होगी। फर्नांडा के कोच जोस जपाटा को नेगेटिव नतीजे के बावजूद करीबी संपर्क होने के कारण क्वारंटाइन में रखा गया है। पावेल के पॉजिटिव पाए जाने की पुष्टि चेक ओलंपिक समिति ने की। उसने कहा, ‘उन्हें भी चेक गणराज्य की टीम के पाजिटिव पाए गए अन्य सदस्यों की तरह अलग-थलग कर दिया गया है।’
चेक गणराज्य के दल निदेशक मार्टिन डॉक्टर ने कहा कि स्थिति उनके नियंत्रण में नहीं है। उन्होंने कहा, ‘हमें पूरी स्थिति के लिए बहुत अफसोस है। हम चाहे अपना कितनी भी अच्छी तरह से बचाव करें, हममें से कोई भी वायरस के प्रसार को पूरी तरह से नियंत्रित नहीं कर सकता है। पावेल, आंद्रा पेरूसिच (पुरुष बीच वालीबॉल) और साइमन नौस्च (बीच वालीबॉल कोच) ने जिस तरह का रवैया दिखाया वह प्रशंसनीय है।’ आयोजन समिति ने बुधवार को खेलों से जुड़े जिन आठ कोविड-19 संक्रमित मामलों का खुलासा किया उसमें फर्नांडा भी शामिल थीं।
टोक्यो ओलंपिक 2020: उद्घाटन समारोह में मौजूद रहेंगे 15 देशों के नेता
फर्नांडा, केंडी और पावेल से पहले पांच खिलाड़ी कोविड-19 पॉजिटिव पाए जा चुके हैं, जिसमें से तीन खेल गांव में रह रहे थे। हालांकि इनमें से कोई भी हवाई अड्डे पर पहुंचने पर पॉजिटिव नहीं पाया गया था। बुधवार को आठ नए मामलों के साथ खेलों से जुड़े कोविड मामलों की संख्या 75 पहुंच गई है। ओलंपिक शुक्रवार से शुरू होंगे और स्टेडियम में दर्शकों की गैरमौजूदगी में आठ अगस्त तक चलेंगे।




