‘कभी खुशी कभी गम’ वाला रहा टोक्यो ओलंपिक 2020 में भारत का 5वां दिन, जानें सबकुछ

👇खबर सुनने के लिए प्ले बटन दबाएं

भारतीय निशानेबाजों का टोक्यो ओलंपिक में निराशाजनक प्रदर्शन लगातार जारी रहा, लेकिन पिछले मैच की शर्मनाक हार से उबरकर मेंस हॉकी टीम ने वापसी की और मुक्केबाजी में लवलीना बोरगोहेन ने अंतिम आठ में जगह बना ली। ओलंपिक में पांचवां दिन भारत के लिए ‘कहीं खुशी कहीं गम’ वाला ही रहा। बैडमिंटन में सात्विकसाईराज रंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी की जोड़ी दुर्भाग्यशाली रही और मेंस डबल्स के तीसरे मैच में दूसरी जीत दर्ज करने के बावजूद नॉकआउट की दौड़ से बाहर हो गई। टेबल टेनिस के मेंस सिंगल्स के तीसरे दौर में अनुभवी शरत कमल ने डिफैंडिंग और ओलंपिक चैंपियन चीन के मा लोंग के खिलाफ शिकस्त के बावजूद अपने प्रदर्शन से सभी का दिल जीत लिया।

निशानेबाजी में चौधरी और मनु भाकर की जोड़ी को 10 मीटर एयर पिस्टल मिक्स टीम स्पर्धा में पदक का प्रबल दावेदार माना जा रहा था, लेकिन क्वालीफिकेशन के पहले चरण में टॉप पर रहने के बाद दूसरे चरण में यह जोड़ी लय में नहीं दिखी और आखिर में उन्हें 380 के कुल स्कोर के साथ सातवें स्थान से संतोष करना पड़ा। इस भारतीय जोड़ी ने पहले चरण में 582 प्वॉइंट्स बनाए थे। सौरभ और मनु ने शुरू में कुछ उम्मीदें जगाई थीं, लेकिन सौरभ को मनु से पर्याप्त सहयोग नहीं मिला जिससे टीम की पदक की उम्मीदें समाप्त हो गईं। अभिषेक वर्मा और यशस्विनी सिंह देसवाल की एक अन्य भारतीय जोड़ी इस स्पर्धा के पहले चरण में 564 प्वॉइंट्स के साथ 17वें स्थान पर रहने के कारण शुरू में ही बाहर हो गई। चोटी की आठ टीमें ही दूसरे चरण के क्वालीफिकेशन में प्रवेश करती हैं।

खिलौने और वीडियो गेम खेलने की उम्र में रेसा लील ने जीता ओलंपिक मेडल, अब वायरल हो रहा पुराना वीडियो

भारत की दो जोड़ियों ने 10 मीटर एयर राइफल मिक्स टीम स्पर्धा में भी हिस्सा लिया था, लेकिन वे क्वालीफिकेशन के पहले चरण से भी आगे नहीं बढ़ पाईं। इलावेनिल वालारिवान और दिव्यांश सिंह पंवार की जोड़ी 626.5 प्वॉइंट्स बनाकर 12वें तथा अंजुम मोदगिल और दीपक कुमार की जोड़ी 623.8 प्वॉइंट्स बनाकर 29 जोड़ियों के बीच 18वें स्थान पर रही। निशानेबाजी रेंज की निराशा को मेंस हॉकी टीम ने कुछ हद तक दूर किया, जिसने ड्रैगफ्लिकर रुपिंदर पाल सिंह के दो गोल की बदौलत पूल ए के अपने तीसरे मैच में स्पेन को 3-0 से हराया। दुनिया की नौवें नंबर की टीम स्पेन के खिलाफ भारत की ओर से रुपिंदर (15वें और 51वें मिनट) ने दो जबकि सिमरनजीत सिंह (14वें मिनट) ने एक गोल दागा। दुनिया की चौथे नंबर की टीम भारत ने अपने पहले मैच में न्यूजीलैंड को 3-2 से हराकर विजयी शुरुआत की थी, लेकिन पिछले मैच में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ एकतरफा मुकाबले में उसे 1-7 की करारी हार का सामना करना पड़ा था।

मुक्केबाजी रिंग में उतरने वाली लवलीना मंगलवार को एकमात्र भारतीय मुक्केबाज रहीं और उन्होंने फैन्स को निराश नहीं किया। पहली बार ओलंपिक में हिस्सा ले रहीं लवलीना प्री क्वार्टर फाइनल में जर्मनी की अनुभवी नेदिन एपेट्ज को कड़े मुकाबले में 3-2 से हराकर भारत की नौ सदस्यीय टीम से अंतिम आठ में जगह बनाने वाली पहली खिलाड़ी बनी। बैडमिंटन मेंस डबल्स में सात्विक और चिराग की दुनिया की 10वें नंबर की जोड़ी ने ग्रुप ए के अपने तीसरे मैच में दूसरी जीत दर्ज की, लेकिन टूर्नामेंट में आगे बढ़ने के लिए यह काफी नहीं था। सात्विक और चिराग की दुनिया की 10वें नंबर की जोड़ी ने ग्रुप ए के अपने तीसरे मैच में बेन लेन और सीन वेंडी की ब्रिटेन की दुनिया की 18वें नंबर की जोड़ी को 44 मिनट चले मुकाबले में 21-17, 21-19 से हराकर ग्रुप में दूसरी जीत दर्ज की।

Tokyo Olympics 2020: छठे दिन ऐसा का भारत का शेड्यूल, आर्चरी में मेडल की उम्मीद

इंडोनेशिया और चीनी ताइपे तीनों जोड़ियों ने दो-दो जीत दर्ज की थी, लेकिन चीनी ताइपे और इंडोनेशिया की जोड़ियां ग्रुप चरण में गेम जीतने और हारने के बीच बेहतर अंतर के कारण टॉप दो स्थान पर रहते हुए नॉकआउट में पहुंचने में सफल रही। इंडोनेशिया की जोड़ी का गेम अंतर प्लस तीन, चीनी ताइपे का प्लस दो और भारत का प्लस एक रहा। टेबल टेनिस मेंस सिंगल्स में अपने अनुभव, कौशल और जज्बे का अच्छा नमूना पेश करने के बावजूद शरत कमल चीन के मौजूदा ओलंपिक और वर्ल्ड चैंपियन मा लोंग से 1-4 से हार गए। उनकी हार के साथ टोक्यो ओलंपिक खेलों की टेबल टेनिस प्रतियोगिता में भारत की चुनौती भी समाप्त हो गई।

शरत ने हार के बाद कहा, ‘यह मेरे कैरियर के सर्वश्रेष्ठ तीन मैच, सर्वश्रेष्ठ मैच और सर्वश्रेष्ठ टूर्नामेंट था।’ सेलिंग में विष्णु सरवनन और नेत्रा कुमानन अपनी संबंधित स्पर्धाओं में छह रेस के बाद क्रमश: 22वें और 33वें स्थान पर रहे। प्रतियोगिता में चार और रेस के अलावा ‘मेडल रेस’ (पदक तय करने वाली रेस) बची हुई है। भारत के दोनों सेलर हालांकि टॉप पर काबिज खिलाड़ियों की तुलना में रैंकिंग में काफी पीछे है।

Source link