जनपद में 07 अक्टूबर से दौड़ेंगी 20 कोविड टीका एक्स्प्रेस

👇खबर सुनने के लिए प्ले बटन दबाएं

वाराणसी::-

माइक्रोप्लान बनाकर किया जाएगा टीकाकरण

वाराणसी। कोरोना से बचाव के लिए सरकार कोविड टीकाकरण पर पूरा ज़ोर दे रही है। इसके लिए जनपद में टीका लगवाने वालों की संख्या भी तेजी से बढ़ रही है। इस क्रम में जिला प्रशासन व स्वास्थ्य विभाग के निर्देशन व सहयोग से केयर इंडिया की ओर से कोविड टीका एक्स्प्रेस चलायी जाएगी। यह टीका एक्स्प्रेस वैन घर-घर जाकर 18 वर्ष से ऊपर के लोगों का कोविड टीकाकरण करेगी। इसके साथ ही नगर के दो स्थानों में मेगा कोविड टीकाकरण केंद्र बनाए गए हैं जिसमें लोगों का टीकाकरण किया जाएगा।
कोविड टीका एक्स्प्रेस व मेगा टीकाकरण केंद्र का शुभारंभ मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के द्वारा सिगरा स्टेडियम से 07 अक्टूबर को किया जाएगा। जिले के शहरी व ग्रामीण क्षेत्र के लिए 20 वैन संचालित की जाएंगी। नगर के सिगरा स्टेडियम व एलटी कॉलेज अर्दली बाजार में मेगा टीकाकरण केंद्र बनाए गए हैं जिसमें देर रात तक लोगों का टीकाकरण किया जाएगा।
जिलाधिकारी कौशल राज शर्मा ने बताया कि इन दो निर्धारित कोविड टीकाकरण केन्द्रों पर लोगों की सुविधाओं को देखते हुये प्रातः व देर रात्रि तक लोगों का टीकाकरण किया जाएगा। इसी प्रकार जनपद में 20 कोविड टीका एक्स्प्रेस का संचालन किया जाएगा। जिसमें दो-दो वाहनों प्रति विकास खंड एवं नगर क्षेत्र में चार वाहन चलायी जाएंगी। इन टीका एक्स्प्रेस वाहनों के माध्यम से दूर-दराज के क्षेत्र एवं शहरी क्षेत्र की मलिन बस्तियों में लोगों का टीकाकरण किया जाएगा। उन्होने कहा कि पूर्व में बनाए गए माइक्रोप्लान के अनुसार ही टीकाकरण सत्रों व टीका एक्स्प्रेस वाहनों का संचालन किया जाएगा। अपर निदेशक/मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ वीबी सिंह ने बताया कि केयर इंडिया के सहयोग से दो मेगा कोविड टीकाकरण सत्रों व टीका एक्सप्रेस वाहनों का संचालन किया जाएगा, जिसके लिए समस्त लॉजीस्टिक सहित अन्य तैयारियां पूर्ण कर ली गयी हैं। इस कार्य में लगाए गए केयर इंडिया के कर्मियों व चिकित्सकों को प्रशिक्षित किया जा चुका है। अन्य कोविड टीकाकरण केन्द्रों की भांति ही इन केन्द्रों पर नागरिक स्लॉट बुक कराकर अथवा ऑन द स्पॉट उपस्थित होकर टीकाकरण करा सकते हैं। जनपद में लगातार कोविड टीकाकरण कराने वालों की संख्या तेजी से बढ़ रही है।
केयर इंडिया के स्ट्रेटिजिक प्रोग्राम मैनेजर (एसपीएम) डॉ संजय सुमन ने बताया कि कोविड टीकाकरण में केयर इंडिया संस्था का उत्तर प्रदेश अन्य 13 राज्यों में कार्य करने का सुखद अनुभव रहा है। उत्तर प्रदेश में लखनऊ, गोरखपुर, बाराबंकी में इस तरह का कार्य किया जा रहा है। यदि जनपदवासी का पूरी तरह से सहयोग व समर्थन मिलेगा तो मेगा टीकाकरण केन्द्रों पर प्रतिदिन 2000 लोगों का टीकाकरण कराने में सफल रहेंगे। इसके साथ ही टीका एक्स्प्रेस के माध्यम से प्रशासन द्वारा दिये गए निर्देशानुसार टीकाकरण किया जाएगा।
जिलाधिकारी, अपर जिलाधिकारी, अपर निदेशक/मुख्य चिकित्सा अधिकारी द्वारा सिगरा स्टेडियम में बने मेगा टीकाकरण केंद्र का निरीक्षण किया गया। वहीं कोविड टीका एक्स्प्रेस व मेगा टीकाकरण केंद्र की तैयारियों के लिए मुख्य चिकित्सा अधिकारी कार्यालय सभागार में वैक्सीनेटर, वैरिफायर व केंद्र प्रबन्धक को प्रशिक्षण दिया गया। यह प्रशिक्षण जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ वीएस राय, वरिष्ठ चिकित्साधिकारी डॉ एके पांडे, डीएचईआईओ हरिवंश यादव, यूनिसेफ से डीएमसी डॉ शाहिद व यूएनडीपी की वीसीसीएम रीना पांडे ने दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *