बिहार —–
जे.पी.श्रीवास्तव, बिहार
मोतिहारी: पूर्वी चम्पारण जिला मुख्यालय मोतिहारी स्थित सर्किट हाउस में निबंधन, उत्पाद एवं मद्यनिषेध -सह-प्रभारी मंत्री पूर्वी चम्पारण जिला,सांसद संजय जायसवाल, पश्चिमी चंपारण, जिलाधिकारी, पूर्वी चम्पारण,आरक्षी अधीक्षक, पूर्वी चम्पारण के साथ बाढ़ की स्थिति,की गई तैयारियों के संबंध में एक समीक्षात्मक बैठक हुई।
इस बैठक में जिलाधिकारी ने बाढ़ से सुरक्षा की तैयारियों के विषय में बिंदुवार जानकारी देते हुए बताया कि पूर्वी चम्पारण में बाढ़ का पानी किन क्षेत्रों से आता है और किन क्षेत्रों में जाता है। इसके लिए उन्होंने नक्सा का प्रयोग किया। उन्होंने बताया कि बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में जिला प्रशासन द्वारा पाॅलिथिन शीट बांटा जा रहा है। आवागमन हेतु मोटरबोट एवं नाव चलाया जा रहा है। स्वास्थ्य शिविर चलाकर चिकित्सीय सेवा प्रदान की जा रही है। कम्युनिटी किचन की व्यवस्था की गई है। उन्होंने यह भी बताया कि सम्पूर्ति पोर्टल पर सभी बाढ़ प्रभावित लोगों का आधार सिडिंग कर दिया गया है। किसी कारणवश किसी का आधार अपडेशन छुट गया होगा तो उनका नाम भी जोड़ दिया जायेगा।
एडीएम आपदा ने पीपीटी के माध्यम से कार्यों की विस्तृत रुप से जानकारी दी। उन्होंने ने भी बताया कि कम्युनिटी किचन चलाया जा रहा है जिसका डाटा ऐप के जरिए अपलोड किया जा रहा है। ऑन द स्पॉट फोटो,जगह का नाम, कितने लोगों को भोजन दिया जा रहा है इत्यादि ब्योरा ऐप के माध्यम से पोर्टल पर अपलोड किया जा रहा है ताकि कार्य की पारदर्शिता बनी रहे। इसी क्रम में उन्होंने ऐप की सारी प्रक्रिया पीपीटी के माध्यम से दिखाया।
आपदा प्रबंधन विभाग पूर्वी चम्पारण द्वारा आपदा से संबंधित कार्यों के विषय में एक बुकलेट छपवाया गया है जिसकी एक-एक प्रति मंत्री एवं सांसद को भेंट किया गया।इस बुकलेट में आपदा से संबंधित गाइडलाइन, पदाधिकारियों का मोबाइल नंबर तथा बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का विवरण दिया गया है।
इस बैठक में अपर समाहर्ता आपदा प्रबंधन, अनुमंडल पदाधिकारी रक्सौल,जिला सूचना एवं विज्ञान पदाधिकारी तथा एनआईसी की टीम उपस्थित थी।