Kashi Tamil Sangamam 5.0: वाराणसी में कल से ‘काशी-तमिल संगमम 5.0’ का आगाज, उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन और CM योगी करेंगे उद्घाटन

Kashi Tamil Sangamam 5.0

👇खबर सुनने के लिए प्ले बटन दबाएं

Kashi Tamil Sangamam 5.0: उत्तर और दक्षिण भारत की संस्कृति, परंपरा और इतिहास को करीब लाने वाला कार्यक्रम ‘काशी-तमिल संगमम 5.0′ शनिवार, 28 नवंबर 2026 से वाराणसी में शुरू होने जा रहा है। इसका उद्घाटन सुबह 11 बजे वाराणसी के नमो घाट पर होगा। भारत के उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन मुख्य अतिथि के रूप में कार्यक्रम की शुरुआत करेंगे। इस मौके पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और केंद्रीय शिक्षा मंत्री प्रह्लाद जोशी भी मौजूद रहेंगे। यह कार्यक्रम 15 दिनों तक चलेगा और 12 दिसंबर 2026 को समाप्त होगा। समापन समारोह में केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के शामिल होने की संभावना है।

Kashi Tamil Sangamam 5.0: इस साल की थीम है ‘तिरुक्कुरल पयिलवोम’

काशी-तमिल संगमम के पांचवें संस्करण की थीम ‘तिरुक्कुरल पयिलवोम’ रखी गई है। इसका मतलब है ‘आइए तिरुक्कुरल सीखें और उसे अपने जीवन में अपनाएं’। इस बार कार्यक्रम में तमिल कवि तिरुवल्लुवर की प्रसिद्ध रचना ‘तिरुक्कुरल’ की शिक्षाओं और विचारों को लोगों तक पहुंचाने पर खास ध्यान दिया जाएगा। इसके लिए छात्रों और युवाओं के बीच कई प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। साथ ही तमिल भाषा सिखाने के लिए वर्कशॉप और अलग-अलग भाषाओं में साहित्य से जुड़े कार्यक्रम भी होंगे।

तमिलनाडु से काशी पहुंचेंगे 1,500 मेहमान

‘एक भारत, श्रेष्ठ भारत’ अभियान को आगे बढ़ाने के लिए तमिलनाडु से करीब 1,400 से 1,500 लोग वाराणसी पहुंचेंगे। ये सभी सात अलग-अलग समूहों में आएंगे। पहला समूह 28 नवंबर की सुबह विशेष ट्रेन से काशी पहुंचेगा। इन मेहमानों में छात्र, शिक्षक, लेखक, पत्रकार, किसान, कृषि विशेषज्ञ, कारीगर, पेशेवर, महिलाएं और संत शामिल होंगे। इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य उत्तर और दक्षिण भारत के लोगों को एक-दूसरे की संस्कृति, परंपराओं और रहन-सहन को समझने का मौका देना है।

काशी से प्रयागराज और अयोध्या तक करेंगे दर्शन

तमिलनाडु से आने वाले मेहमानों के लिए खास यात्रा की व्यवस्था की गई है। वाराणसी में वे काशी विश्वनाथ मंदिर, काल भैरव मंदिर, रामनगर किला और भारत माता मंदिर जाएंगे। इसके अलावा, मेहमानों को काशी के उन स्थानों पर भी ले जाया जाएगा, जहां तमिल संस्कृति की झलक देखने को मिलती है। इसमें केदार घाट, काशी मठ और प्रसिद्ध तमिल कवि सुब्रमण्यम भारती का पैतृक घर शामिल है। काशी की यात्रा के बाद मेहमान प्रयागराज के त्रिवेणी संगम और अयोध्या के राम जन्मभूमि मंदिर के भी दर्शन करेंगे। (Kashi Tamil Sangamam 5.0)

नमो घाट और BHU में दिखेगा उत्तर-दक्षिण भारत का संगम

काशी-तमिल संगमम के दौरान नमो घाट और काशी हिंदू विश्वविद्यालय (BHU) में भारतीय संस्कृति की खास झलक देखने को मिलेगी। नमो घाट पर हस्तशिल्प, हथकरघा, ODOP, साहित्य और अलग-अलग सरकारी विभागों से जुड़े 150 से ज्यादा स्टॉल लगाए जाएंगे। यहां आने वाले लोगों के लिए खास फूड कोर्ट भी बनाए गए हैं। इनमें तमिलनाडु के पारंपरिक इडली-सांभर और दही-चावल के साथ बनारस के मशहूर व्यंजनों का स्वाद भी मिलेगा। वहीं, BHU के तमिल विभाग में पढ़ाई और साहित्य से जुड़े विशेष कार्यक्रम होंगे। हर शाम नमो घाट पर तमिलनाडु और काशी के कलाकार शास्त्रीय संगीत और नृत्य की प्रस्तुतियां देंगे।

काशी पहुंचेंगे CM योगी, सुरक्षा के कड़े इंतजाम

कार्यक्रम में शामिल होने के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शनिवार सुबह करीब 10 बजे वाराणसी पहुंचेंगे। नमो घाट पर उद्घाटन समारोह में शामिल होने के अलावा वे काशी विश्वनाथ और काल भैरव मंदिर में पूजा-अर्चना करेंगे। उपराष्ट्रपति और मुख्यमंत्री के दौरे को देखते हुए जिला प्रशासन और पुलिस ने सुरक्षा के खास इंतजाम किए हैं। शहर में यातायात व्यवस्था को भी बेहतर बनाने की तैयारी की गई है। वाराणसी इस बड़े आयोजन के लिए पूरी तरह तैयार है और तमिलनाडु से आने वाले मेहमानों के स्वागत की तैयारियां की जा रही हैं। (Kashi Tamil Sangamam 5.0)

Leave a Comment