Amitabh Bachchan Bomb Threat: बॉलीवुड के महानायक अमिताभ बच्चन के घर ‘जलसा’ और मशहूर पंजाबी गायक व अभिनेता दिलजीत दोसांझ के कॉन्सर्ट को बम से उड़ाने की धमकी मिलने के मामले में यूपी ATS ने बड़ा खुलासा किया है। जांच में पता चला है कि ये धमकी भरे ई-मेल कानपुर के रहने वाले अंकित शंखवार की बनाई और बेची गई फर्जी ई-मेल आईडी से भेजे गए थे। पुलिस ने अंकित को गिरफ्तार किया है। उसके लैपटॉप और अन्य डिजिटल उपकरणों की जांच में एक बड़े अंतरराष्ट्रीय साइबर नेटवर्क के बारे में जानकारी मिली है। जांच एजेंसियों के मुताबिक, इस नेटवर्क के तार पाकिस्तान, बांग्लादेश, तुर्की और मिस्र से जुड़े हो सकते हैं।
Amitabh Bachchan Bomb Threat: लैपटॉप से मिलीं 58 लाख फर्जी ई-मेल आईडी
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, अक्टूबर के आखिर में कानपुर से 24 वर्षीय अंकित शंखवार को गिरफ्तार किया गया था। शुरुआती जांच में उसके लैपटॉप से करीब 5 लाख फर्जी ई-मेल आईडी मिली थीं। इसके बाद डेटा रिकवरी के दौरान 17 लाख और आईडी सामने आईं। इस तरह इनकी संख्या 22 लाख हो गई।हाल ही में पुलिस रिमांड के दौरान यूपी ATS ने उसके लैपटॉप और दूसरे डिजिटल उपकरणों की दोबारा जांच की। इस दौरान 36 लाख और फर्जी ई-मेल आईडी का डेटा मिला। अब कुल संख्या बढ़कर करीब 58 लाख हो गई है। इनमें से लगभग 20 से 22 लाख ई-मेल आईडी Gmail की बताई जा रही हैं। ATS इन्हें बंद कराने के लिए ई-मेल सेवा देने वाली कंपनियों से संपर्क कर रही है।
2021 से चला रहा था फर्जी ई-मेल आईडी का कारोबार
जांच के मुताबिक, अंकित शंखवार साल 2021 से फर्जी ई-मेल आईडी बनाने और बेचने का काम कर रहा था। उसने सोशल मीडिया और ऑनलाइन वीडियो की मदद से यह काम सीखा था। बताया जा रहा है कि वह अपनी पहचान छिपाकर अलग-अलग नामों से ई-मेल अकाउंट बनाता था। ATS की जांच में सामने आया है कि वह पाकिस्तान और बांग्लादेश में मौजूद लोगों के संपर्क में था। आरोप है कि वह पाकिस्तान, बांग्लादेश, तुर्की और मिस्र के लोगों को फर्जी ई-मेल आईडी बेचता था। इसके बदले उसे क्रिप्टोकरेंसी के जरिए भुगतान मिलता था। जांच एजेंसियों को उसके बैंक खातों में करीब 80 लाख रुपये के लेन-देन के सबूत मिले हैं। (Amitabh Bachchan Bomb Threat)
अमिताभ बच्चन और दिलजीत दोसांझ को मिली धमकी से कैसे जुड़ा मामला?
ATS की तकनीकी जांच में पता चला कि अंकित द्वारा बनाई और बेची गई फर्जी ई-मेल आईडी का इस्तेमाल कई बड़ी हस्तियों और संस्थानों को धमकी देने के लिए किया गया था। जांच के अनुसार, अमिताभ बच्चन के मुंबई स्थित घर ‘जलसा’ और दिलजीत दोसांझ के दिल्ली-NCR और मुंबई में होने वाले कॉन्सर्ट को बम से उड़ाने की धमकी वाले ई-मेल इन्हीं आईडी से भेजे गए थे। रिपोर्ट्स के मुताबिक, ये ई-मेल बांग्लादेश से भेजे गए थे। इसके अलावा दिल्ली-NCR, नोएडा, गुरुग्राम और उत्तर प्रदेश के कई स्कूलों को भी बम से उड़ाने की धमकी मिली थी। इन ई-मेल में खालिस्तान नेशनल आर्मी और बब्बर खालसा जैसे संगठनों के नाम का इस्तेमाल किया गया था। जांच में मुंबई मेयर कार्यालय, बॉम्बे हाईकोर्ट, बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (BSE) और एयरपोर्ट को मिली धमकियों के तार भी इसी नेटवर्क से जुड़े पाए गए हैं।
7 दिन की रिमांड के बाद जेल भेजा गया आरोपी, विदेशी हैंडलर्स की तलाश जारी
सात दिन की पुलिस रिमांड पूरी होने के बाद यूपी ATS ने अंकित शंखवार को जेल भेज दिया है। हालांकि, मामले की जांच अभी जारी है। ATS अब यह पता लगाने में जुटी है कि भारत में इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोग कौन हैं और विदेशों में बैठे हैंडलर्स की इसमें क्या भूमिका थी। जांच एजेंसियां यह भी पता लगाने की कोशिश कर रही हैं कि फर्जी ई-मेल आईडी खरीदकर धमकी भरे संदेश भेजने में किन लोगों ने इनका इस्तेमाल किया। इस मामले में आगे की जांच के बाद साइबर नेटवर्क से जुड़े दूसरे लोगों के बारे में भी जानकारी सामने आ सकती है। (Amitabh Bachchan Bomb Threat)





