Azam Khan News: समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता और पूर्व मंत्री आज़म खान की मुश्किलें एक बार फिर बढ़ती नजर आ रही हैं। हाल ही में जेल से जमानत पर बाहर आए आज़म खान के रामपुर स्थित घर पर रविवार को पुलिस पहुंची। पुलिस टीम करीब 20 साल पुराने जमीन विवाद के मामले में उन्हें नोटिस देने आई थी। अदालत ने इस पुराने मामले की दोबारा जांच करने का आदेश दिया है। इसके बाद पुलिस ने जांच की प्रक्रिया तेज कर दी है।
Azam Khan News: आज़म खान के घर पहुंची पुलिस, नहीं हुई मुलाकात
जानकारी के मुताबिक, रविवार दोपहर पटवाई थाना प्रभारी पवन कुमार शर्मा पुलिस टीम के साथ आज़म खान के रामपुर स्थित आवास पर पहुंचे। पुलिस अदालत के आदेश के अनुसार आज़म खान को नोटिस देना चाहती थी। पुलिसकर्मियों ने उनके घर के बाहर करीब 20 से 30 मिनट तक इंतजार किया, लेकिन आज़म खान से मुलाकात नहीं हो सकी। इसके बाद पुलिस ने वहां मौजूद उनके वकील को नोटिस सौंप दिया और उसकी रसीद लेकर वापस लौट गई।
क्या है 20 साल पुराना जमीन विवाद?
यह मामला साल 2006 का है। उस समय उत्तर प्रदेश में समाजवादी पार्टी की सरकार थी और आज़म खान कैबिनेट मंत्री थे। रामपुर के गंज कोतवाली क्षेत्र में ‘तूती वाले मकबरे’ के पास एक जमीन पर दुकान और आटा चक्की बनी हुई थी। प्रशासन ने इस जमीन से कब्जा हटवाकर वहां बने निर्माण को तोड़ दिया था।इस कार्रवाई के खिलाफ सराय सहादत यार खां के रहने वाले अफसर खान ने शिकायत दर्ज कराई थी। उनका आरोप था कि जमीन उनकी थी और प्रशासन ने बिना पहले कोई नोटिस दिए ही कब्जा हटवा दिया और निर्माण तोड़ दिया। शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया था कि यह कार्रवाई तत्कालीन मंत्री आज़म खान के कहने पर की गई थी। इसी शिकायत के आधार पर साल 2007 में गंज थाने में मुकदमा दर्ज हुआ था। इस मामले में आज़म खान के साथ तत्कालीन एसडीएम नलिन सिंह अवस्थी का नाम भी शामिल था। (Azam Khan News)
अदालत के आदेश पर दोबारा शुरू हुई जांच
करीब 20 साल पुराने इस मामले में अब नया मोड़ आ गया है। इस दौरान शिकायतकर्ता अफसर खान और मामले में नामजद तत्कालीन एसडीएम नलिन सिंह अवस्थी का निधन हो चुका है। पुलिस ने पहले इस मामले की जांच करके अदालत में अंतिम रिपोर्ट दाखिल कर दी थी। लेकिन मामले की पैरवी कर रहे जुल्फिकार ने पुलिस की जांच पर सवाल उठाए और MP/MLA कोर्ट में दोबारा जांच कराने की मांग की। उनकी याचिका पर सुनवाई के बाद अदालत ने मामले की फिर से जांच करने का आदेश दिया। इसके बाद पुलिस ने आगे की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस जल्द दाखिल कर सकती है चार्जशीट
अदालत के आदेश के बाद रामपुर के एसपी ने इस मामले की आगे की जांच पटवाई थाना प्रभारी पवन कुमार शर्मा को सौंपी है। पुलिस अब मामले से जुड़े दस्तावेजों, सबूतों और लोगों के बयानों की जांच कर रही है। अधिकारियों के मुताबिक, जांच पूरी होने के बाद इस मामले में चार्जशीट दाखिल करने की तैयारी है। (Azam Khan News)
18 नवंबर को जेल से जमानत पर बाहर आए थे आज़म खान
गौरतलब है कि आज़म खान 18 नवंबर को गाजियाबाद जेल से जमानत मिलने के बाद बाहर आए थे। जेल से रिहा होने के कुछ ही दिनों बाद करीब 20 साल पुराने जमीन विवाद में पुलिस का नोटिस उनके घर पहुंच गया। अब इस मामले में दोबारा शुरू हुई जांच और पुलिस की आगे की कार्रवाई पर सभी की नजरें बनी हुई हैं।





