UP Election 2027: उत्तर प्रदेश में 2027 में होने वाले विधानसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं। समाजवादी पार्टी (सपा) और कांग्रेस ने चुनाव में साथ लड़ने की तैयारी शुरू कर दी है। दोनों दलों के बीच सीटों के बंटवारे को लेकर बातचीत चल रही है। सोमवार को दिल्ली में दोनों पार्टियों के नेताओं की पहली बैठक हुई थी। अब मंगलवार को दूसरे दौर की बातचीत होने जा रही है। इस बैठक में सबसे ज्यादा चर्चा इस बात पर होगी कि कांग्रेस और सपा कितनी-कितनी सीटों पर चुनाव लड़ेंगी।
UP Election 2027: पहली बैठक में क्या हुई चर्चा?
सोमवार को दिल्ली में कांग्रेस नेता और राज्यसभा सांसद प्रमोद तिवारी के आवास पर सपा और कांग्रेस के नेताओं की मुलाकात हुई। यह बैठक करीब 15 से 20 मिनट तक चली। बैठक में सपा की तरफ से रामगोपाल यादव, श्यामलाल पाल, राजीव राय और इकरा हसन शामिल हुए। वहीं, कांग्रेस की ओर से राजेंद्र पाल गौतम, आराधना मिश्रा ‘मोना’, इमरान मसूद और वीरेंद्र चौधरी मौजूद रहे। बैठक के बाद दोनों पार्टियों के नेताओं ने बातचीत को अच्छा और सकारात्मक बताया। रामगोपाल यादव ने कहा कि सीटों के बंटवारे जैसे मुद्दों पर फैसला लेने में थोड़ा समय लगता है। उन्हें उम्मीद है कि अगले दो से तीन दिनों में गठबंधन और सीटों को लेकर फैसला हो सकता है।
कांग्रेस ने सपा को सौंपी 120 से 130 सीटों की सूची
यूपी की कुल 403 विधानसभा सीटों में से कांग्रेस कितनी सीटों पर चुनाव लड़ेगी, इस पर दोनों दलों के बीच बातचीत चल रही है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, कांग्रेस ने पहले 181 सीटों की मांग की थी, लेकिन अब उसने अपनी मांग कम कर दी है। कांग्रेस ने सपा को करीब 120 से 130 सीटों की सूची सौंपी है। कांग्रेस ने इन सीटों को तीन हिस्सों यानी A, B और C कैटेगरी में बांटा है। इनमें कैटेगरी-A की 55 से 70 सीटें ऐसी हैं, जिन्हें कांग्रेस अपने लिए सबसे अहम मान रही है और इन पर समझौता नहीं करना चाहती। कांग्रेस की सूची में अमेठी और रायबरेली की विधानसभा सीटें भी शामिल हैं। इसके अलावा पार्टी ने 2024 के लोकसभा चुनाव में जीती गई अपनी 6 सीटों के तहत आने वाले विधानसभा क्षेत्रों पर भी दावा किया है। हालांकि, कांग्रेस ने सपा के मजबूत गढ़ माने जाने वाले मैनपुरी और इटावा की सीटों पर दावा नहीं किया है।
सपा का क्या है सीट बंटवारे का फॉर्मूला?
समाजवादी पार्टी भी सीटों के बंटवारे को लेकर जल्दबाजी में फैसला नहीं करना चाहती। सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव से चर्चा के बाद पार्टी का प्रतिनिधिमंडल मंगलवार की बैठक में अपनी बात रखेगा। सपा प्रवक्ता सुनील सिंह यादव ‘साजन’ के मुताबिक, 2027 के चुनाव में सीटों का फैसला उम्मीदवार की जीतने की संभावना को देखकर किया जाएगा। यानी जिस पार्टी के उम्मीदवार के जीतने की संभावना ज्यादा होगी, उसे उस सीट पर चुनाव लड़ने का मौका मिल सकता है। अगर 2022 के विधानसभा चुनाव की बात करें तो सपा ने 111 सीटें जीती थीं। उस चुनाव में पार्टी को 32.76 प्रतिशत वोट मिले थे। वहीं, कांग्रेस ने 399 सीटों पर चुनाव लड़ा था, लेकिन उसे सिर्फ 2 सीटों पर जीत मिली थी। कांग्रेस का वोट शेयर 2.39 प्रतिशत रहा था। हालांकि, 2024 के लोकसभा चुनाव में सपा और कांग्रेस ने साथ मिलकर चुनाव लड़ा था और गठबंधन को अच्छा प्रदर्शन मिला था। इससे कांग्रेस को आगामी विधानसभा चुनाव में ज्यादा सीटें मिलने की उम्मीद है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, सपा कांग्रेस को करीब 25 से 80 सीटें देने के पक्ष में बताई जा रही है। ऐसे में मंगलवार की बैठक में सीटों को लेकर दोनों पार्टियों के बीच बातचीत अहम होगी।
क्या जल्द हो सकता है सपा-कांग्रेस गठबंधन का ऐलान?
दूसरे दौर की बैठक से पहले दोनों पार्टियों के नेता गठबंधन को लेकर सकारात्मक बयान दे रहे हैं। कांग्रेस महासचिव सचिन पायलट ने मंगलवार को कहा कि दोनों दल जल्द ही सीटों के बंटवारे पर फैसला कर सकते हैं। उन्होंने भरोसा जताया कि दोनों पार्टियां मिलकर उत्तर प्रदेश में चुनाव लड़ेंगी। वहीं, यूपी कांग्रेस अध्यक्ष आराधना मिश्रा ‘मोना’ ने भी कहा है कि दोनों दलों के साथ चुनाव लड़ने को लेकर काफी हद तक सहमति बन चुकी है। अब सभी की नजर दिल्ली में होने वाली बैठक पर है। कांग्रेस 2024 के लोकसभा चुनाव में अपने प्रदर्शन के आधार पर ज्यादा सीटें चाहती है, जबकि सपा उम्मीदवारों की जीतने की संभावना को ध्यान में रखकर सीटें बांटना चाहती है। अगर दोनों पार्टियों के बीच अहम सीटों पर सहमति बन जाती है, तो अगले दो से तीन दिनों में गठबंधन और सीटों के बंटवारे को लेकर आधिकारिक घोषणा हो सकती है।





