UP Election 2027: उत्तर प्रदेश में 2027 में होने वाले विधानसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक हलचल तेज हो गई है। समाजवादी पार्टी (सपा) और कांग्रेस ने चुनाव में सीटों के बंटवारे को लेकर बातचीत शुरू करने की तैयारी कर ली है। दोनों दलों के बीच 23 और 24 नवंबर 2026 को नई दिल्ली में पहली दौर की बैठक होगी। यह बैठक कांग्रेस नेता प्रमोद तिवारी के आवास पर आयोजित की जाएगी। इसमें उत्तर प्रदेश की सभी 403 विधानसभा सीटों को लेकर चर्चा हो सकती है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, दोनों पार्टियां 20 दिसंबर तक सीट बंटवारे पर अंतिम फैसला लेना चाहती हैं।
UP Election 2027: सपा और कांग्रेस ने बनाई बातचीत के लिए कमेटियां
सीट बंटवारे पर बातचीत को आगे बढ़ाने के लिए सपा और कांग्रेस ने अपने वरिष्ठ नेताओं की टीमें बनाई हैं। समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने INDIA गठबंधन के सहयोगियों से बातचीत करने के लिए चार सदस्यीय कमेटी बनाई है। इस टीम में सपा के राष्ट्रीय महासचिव राम गोपाल यादव, प्रदेश अध्यक्ष श्याम लाल पाल और सांसद राजीव राय व इकरा हसन (चौधरी) शामिल हैं। वहीं, कांग्रेस ने भी बातचीत के लिए पांच सदस्यीय टीम बनाई है। उत्तर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष आराधना मिश्रा ‘मोना’ ने सपा की ओर से कमेटी बनाए जाने का स्वागत किया है। उन्होंने इसे गठबंधन की दिशा में एक अच्छी शुरुआत बताया है।
कांग्रेस चाहती है सम्मानजनक सीट बंटवारा
सीटों की संख्या को लेकर दोनों पार्टियों के बीच अभी सहमति नहीं बनी है। कांग्रेस के उत्तर प्रदेश प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम ने कहा है कि उनकी पार्टी को 2027 के चुनाव में सपा के साथ गठबंधन की उम्मीद है। हालांकि, कांग्रेस चाहती है कि सीटों का बंटवारा सम्मानजनक तरीके से हो। इससे पहले खबरें आई थीं कि कांग्रेस ने उत्तर प्रदेश की 403 सीटों में से 181 सीटों की मांग की है। बताया गया था कि इनमें पश्चिमी उत्तर प्रदेश की 68 सीटों पर खास जोर दिया गया है। हालांकि, कांग्रेस नेता इमरान मसूद ने इन खबरों को गलत बताया है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की ओर से 181 सीटों की कोई सूची नहीं सौंपी गई है। (UP Election 2027)
अखिलेश यादव ने बताया सीट बंटवारे का फॉर्मूला
समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने सीटों के बंटवारे को लेकर अपना रुख साफ कर दिया है। उनका कहना है कि सीट देने का फैसला उम्मीदवार की जीतने की क्षमता के आधार पर होगा। यानी जिस विधानसभा सीट पर सपा या कांग्रेस में से जिस पार्टी का उम्मीदवार ज्यादा मजबूत होगा और जिसके जीतने की संभावना अधिक होगी, उस पार्टी को वहां से चुनाव लड़ने का मौका दिया जाएगा। इस तरह सीटों का बंटवारा केवल संख्या के आधार पर नहीं, बल्कि चुनाव जीतने की संभावना को ध्यान में रखकर किया जा सकता है।
2027 चुनाव के लिए गठबंधन की तैयारी तेज
उत्तर प्रदेश में सपा और कांग्रेस की यह बैठक INDIA गठबंधन के लिए काफी अहम मानी जा रही है। दोनों पार्टियां चाहती हैं कि 2027 के विधानसभा चुनाव में मिलकर मजबूत चुनौती पेश की जाए। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और राहुल गांधी भी गठबंधन को एकजुट रखने और जनता के सामने मजबूत विकल्प पेश करने की बात कह चुके हैं। हालांकि, अभी तक सपा और कांग्रेस के बीच सीटों के बंटवारे को लेकर कोई अंतिम फैसला नहीं हुआ है। ऐसे में अब सभी की नजरें 23 और 24 नवंबर को दिल्ली में होने वाली बैठक पर टिकी हैं। इस बातचीत से यह साफ हो सकता है कि दोनों पार्टियां 2027 के चुनाव में किस रणनीति के साथ आगे बढ़ेंगी। (UP Election 2027)





