Uttar Pradesh: उत्तर प्रदेश के एटा जिले में तीन दोस्तों की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। यह घटना निधौली कलां थाना क्षेत्र के किशोरपुर गांव की है। शुरुआती जांच में ज्यादा शराब पीने या शराब के साथ भांग और दूसरे नशीले पदार्थों का सेवन करने की आशंका जताई जा रही है। तीनों युवकों की मौत के बाद गांव में शोक का माहौल है। वहीं, उनके परिवारों का रो-रोकर बुरा हाल है।
Uttar Pradesh: शराब पीने के बाद अचानक बिगड़ी तीनों की तबीयत
बुधवार को भैया दूज के दिन किशोरपुर गांव के तीन दोस्त गांव के बाहर एक नलकूप के पास मिले थे। बताया जा रहा है कि तीनों अपने दोस्त लोकेश की सगाई तय होने की खुशी में पार्टी कर रहे थे। दोपहर करीब ढाई से चार बजे के बीच तीनों ने साथ बैठकर शराब पी। शराब पीने के कुछ ही देर बाद तीनों की तबीयत अचानक खराब होने लगी। इसकी जानकारी मिलते ही ग्रामीण और परिवार के लोग मौके पर पहुंचे। वहां तीनों युवक बेहोशी की हालत में पड़े मिले। परिजन उन्हें तुरंत निजी अस्पताल लेकर गए। इसके बाद उन्हें जिला अस्पताल और मेडिकल कॉलेज भी ले जाया गया। हालांकि, डॉक्टरों ने जांच के बाद तीनों को मृत घोषित कर दिया।
तीनों मृतक एक ही गांव के रहने वाले थे
पुलिस और स्थानीय प्रशासन के मुताबिक, मरने वाले तीनों युवक किशोरपुर गांव के रहने वाले थे और आपस में अच्छे दोस्त थे। मृतकों की पहचान अजीत कुमार (18), पुत्र चंद्रपाल, शिव कुमार (19), पुत्र दुर्ग विजय और जीतू (20-21), पुत्र लेखराज के रूप में हुई है।
घटनास्थल से शराब की बोतलें और भांग के पाउच मिले
तीन युवकों की मौत की खबर मिलते ही एटा के जिलाधिकारी एम. अरुण मौली, एसएसपी डॉ. इलामारन जी, एएसपी श्वेताभ पांडेय और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। स्थानीय विधायक वीरेंद्र सिंह लोधी ने भी गांव पहुंचकर पीड़ित परिवारों से मुलाकात की और उन्हें सांत्वना दी। एसएसपी डॉ. इलामारन जी ने बताया कि पुलिस ने घटनास्थल की जांच की है। वहां से अंग्रेजी शराब की दो खाली बोतलें, देशी शराब की बोतलें और खाने-पीने का सामान मिला है। इसके अलावा भांग की गोलियों के खाली पाउच भी बरामद हुए हैं। ग्रामीणों और परिजनों के बीच चर्चा है कि तीनों युवकों ने शराब के साथ भांग की गोलियां भी ली थीं। इसके अलावा गांजे की सिगरेट पीने की बात भी सामने आई है। हालांकि, इन बातों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।
परिजनों ने शराब में मिलावट का लगाया आरोप
तीनों मृतकों के परिवारों ने आरोप लगाया है कि जिस दुकान से शराब खरीदी गई थी, वहां की शराब खराब या मिलावटी हो सकती है। परिवारों का कहना है कि शराब पीने के कुछ ही मिनट बाद तीनों की हालत बिगड़ गई थी। वहीं, पुलिस की शुरुआती जांच में पता चला है कि शराब निधौली कलां के मनौरा तिराहा स्थित सरकारी ठेके से खरीदी गई थी। पुलिस के मुताबिक, इस ठेके से शराब खरीदने वाले किसी दूसरे व्यक्ति की तबीयत बिगड़ने की जानकारी अभी तक नहीं मिली है। ऐसे में पुलिस को शक है कि ज्यादा शराब पीने या शराब के साथ भांग और दूसरे नशीले पदार्थों का सेवन करने से युवकों की मौत हुई हो सकती है। हालांकि, मौत की असली वजह अभी साफ नहीं हुई है।
शराब की दुकान सील करने की कार्रवाई, फॉरेंसिक जांच शुरू
इस मामले को गंभीरता से लेते हुए प्रशासन ने जांच शुरू कर दी है। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, आबकारी विभाग ने एहतियात के तौर पर संबंधित शराब की दुकान को सील करने की कार्रवाई शुरू की है। घटनास्थल से मिली शराब की बोतलों, पाउच और खाने-पीने की चीजों को जांच के लिए फॉरेंसिक लैब भेजा गया है। तीनों युवकों का पोस्टमार्टम डॉक्टरों की विशेष टीम से कराया जा रहा है। इसके अलावा उनके विसरा के नमूने भी सुरक्षित रखे गए हैं, ताकि मौत की सही वजह का पता लगाया जा सके।फिलहाल गांव में पुलिस बल तैनात है। प्रशासन पोस्टमार्टम और फॉरेंसिक जांच की रिपोर्ट का इंतजार कर रहा है। इन रिपोर्टों के सामने आने के बाद ही पता चल सकेगा कि तीनों युवकों की मौत किस वजह से हुई।






One Response