गोरखपुर: दो साल पहले अतिक्रमण से मुक्त कराए गए सुमेर सागर ताल को गोरखपुर विकास प्राधिकरण (जीडीए) शहर का दूसरा चौपाटी बनाएगा। जीडीए ताल का सुंदरीकरण कराने जा रहा है। त्वरित आर्थिक विकास योजना से सुंदरीकरण का काम कराने के लिए जीडीए ने शासन को 27 करोड़ रुपये का प्रस्ताव भेजा है। जीडीए की योजना सुमेर सागर ताल को रामगढ़ताल की तरह पर्यटन केंद्र के रूप में विकसित करने की है। सुंदरीकरण के बाद यह ताल लोगों को मुंबई के चौपाटी पर सैर का आभास कराएगा।
18.5 एकड़ में फैला है सुमेर सागर ताल
विजय चौराहा से धर्मशाला बाजार के बीच में तकरीबन 18.5 एकड़ में सुमेर सागर ताल फैला है। कुछ साल पहले इस साल पर कब्जा कर लिया गया था। ताल में मिट्टी भरकर किसी ने गोदाम तो किसी ने मकान बना लिया था। शासन के निर्देश पर प्रशासन ने ताल को अतिक्रमण मुक्त कराया था। इसके बाद से ताल के सुंदरीकरण के प्रयास चल रहे थे।प्राकृतिक स्वरूप देने के साथ ही बढ़ाएंगे गहराई
जीडीए ताल को प्राकृतिक स्वरूप देने के साथ ही इसकी गहराई भी बढ़ाएगा। ताल के किनारों को कटान से बचाने की भी व्यवस्था होगी। गंदा पानी ताल में न जाए इसके लिए किनारे पक्का नाला बनाया जाएगा।मोहल्लों का पानी साफ कर भेजेंगे ताल में
सुमेर सागर ताल के आसपास के मोहल्लों में जलभराव न हो इसके भी इंतजाम होंगे। इन मोहल्लों का पानी निकालने की व्यवस्था की जाएगी। विजय चौराहा और धर्मशाला की ओर से आने वाले नालों के गंदे पानी को साफ करने के लिए प्लांट लगाया जाएगा। ताल में साफ पानी ही डाला जाएगा। ताल को ऐसे विकसित किया जाएगा कि उसकी जल संचयन क्षमता बढ़े और भूगर्भ जलस्तर को बरकरार रखा जा सके।
1.437 किलोमीटर लंबाई में बनेगा जागिंग ट्रैक
ताल के किनारे पर पार्क भी विकसित किया जाएगा। ताल के सुंदरीकरण के साथ-साथ चौपाटी की तर्ज पर फूड कोर्ट विकसित करने के लिए हाट भी बनाया जाएगा। यहां महानगर और आसपास के जिलों में प्रसिद्ध व्यंजन मिलेंगे। 1.437 किलोमीटर लंबाई में जागिंग ट्रैक बनाया जाएगा। इससे इलाके के लोगों को व्यायाम करने के लिए पर्याप्त जगह मिलेगी। जीडीए पार्किंग भी बनाएगा। यहां तकरीबन चार सौ कार व बाइक खड़ी की जा सकेगी। म्यूजिकल फाउंटेन करेगा आकर्षित
जीडीए सुमेर सागर ताल में म्यूजिकल फाउंटेन भी बनाएगा। यहां मनपसंद संगीत की धुन पर लोग पानी के चढ़ाव-उतार को देख सकेंगे। पूरे ताल क्षेत्र में पर्याप्त रोशन की व्यवस्था रहेगी। बैठने के लिए भी व्यवस्था होगी।
क्या कहते हैं अधिकारी
जीडीए उपाध्यक्ष्र महेंद्र सिंह तंवर ने बताया कि सुमेर सागर ताल रामगढ़ताल के बाद दूसरा पर्यटन स्थल बनेगा। महानगर के बीच में नया पिकनिक स्पाट मिलेगा। इस पर जल्द काम शुरू कराया जाएगा।